परभणी : संविधान की प्रतिकृति क्षतिग्रस्त मामले में आरोपी ने खुदकुशी की
परभणी | महाराष्ट्र के परभणी जिले में 2024 में संविधान की प्रतिकृति को क्षतिग्रस्त करने के मामले में मुख्य आरोपी ने सोमवार को एक गांव में कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने यह जानकारी दी।
आरोपी दत्ता पवार को 13 महीनों तक सलाखों के पीछे रहने के बाद आठ जनवरी को जमानत पर जेल से रिहा कर दिया गया था। सूत्रों के अनुसार वह परभणी जिले के मिर्जापुर गांव गया था, जहां उसके रिश्तेदार रहते हैं। उसने सोमवार सुबह एक खेत में बने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पवार के एक रिश्तेदार ने सुबह करीब नौ बजे उसे फांसी पर लटका हुआ पाया, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी।
दत्ता का परिवार परभणी में रहता है। कानूनी प्रक्रिया के अनुसार पोस्टमार्टम होने के बाद पवार के परिवार ने उसका अंतिम संस्कार किया। बता दें कि परभणी रेलवे स्टेशन के बाहर डॉ. बी. आर. आंबेडकर की प्रतिमा के सामने स्थापित संविधान की पत्थर की प्रतिकृति के क्षतिग्रस्त पाए जाने के एक दिन बाद 11 दिसंबर, 2024 को शहर में हिंसा भड़क उठी थी।
(एजेंसियां)

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें