नागपुर : बाजारगांव में सोलर प्लांट में विस्फोट, 9 कामगारों की मौत
@ एड. प्रदीप खांबलकर
नागपुर | बाजारगांव में रविवार को सोलर कंपनी के प्लांट में भीषण विस्फोट हुआ। हादसे में नौ कामगारों की मौत हो गई। इनमें छह महिलाएं शामिल हैं। यह धमाका सोलार एक्सप्लोसिव कंपनी के कास्ट बूस्टर प्लांट में पैकिंग के दौरान हुआ। विस्फोट इतना भीषण था कि प्लांट की इमारत ध्वस्त हो गई। दुर्घटना स्थल को त्वरित सील कर दिया गया है। फैक्टरी में काम भी बंद कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार मृतक कामगारों के नाम : युवराज किसनाजी चारोले (बाजारगांव), ओमेश्वर किसनलाल मच्छिरके (चाकडोह, बाजारगांव), मीता प्रमोद उईके (अंबाडा सोनक, काटोल), आरती नीलकंठ सहारे (मासोद, काटोल), श्वेताली दामोधर मारबते (कारंजा, वर्धा), पुष्पा श्रीरामजी मानापुरे (शिराला, अमरावती), भाग्यश्री सुधाकर लोणारे (ब्रह्मपुरी, चंद्रपुर), रूमीता विलास उईके (कारंजा, वर्धा), मौसम राजकुमार पटले (मोहाड़ी, भंडारा)।
सूचना मिलते ही विशेष पुलिस महानिरीक्षक (नागपुर परिक्षेत्र) छेरिंग दोरजे, पुलिस अधीक्षक (नागपुर ग्रामीण) हर्ष पोद्दार, अपर पुलिस अधीक्षक (नागपुर ग्रामीण) संदीप पखाले दुर्घटनास्थल पहुंचे। बम शोधक पथक और फॉरेंसिक टीम ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया। बचाव के समय सबसे बड़ी चुनौती यह थी कि और विस्फोट न हो।
राज्य सरकार ने पीड़ित परिवारों को पांच-पांच लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने दुर्घटनास्थल का दौरा किया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश दिखा।
****
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें