नागपुर : शीतसत्र में सरकार को सड़क पर घेरेगा कांग्रेस का मोर्चा
![]() |
नाना पटोले (फाइल फोटो) |
सुनो सुनो रिपोर्ट
नागपुर/ रामटेक |* उपराजधानी में 7 दिसंबर से 20 दिसंबर तक महाराष्ट्र विधानमंडल का शीतसत्र होगा। सत्र के दौरान विपक्ष ने सदन से लेकर सड़क तक सरकार को घेरने की रणनीति तैयार की है। कांग्रेस 11 दिसंबर को मोर्चा निकालेगी। यह मोर्चा सुबह 11 बजे दीक्षाभूमि से निकलेगा। शहर के विभिन्न मार्गों से होता हुआ मोर्चा मॉरिश कॉलेज-टी पॉइंट पहुंचेगा। किसानों और बेरोजगारों की समस्याएं जैसे प्रमुख विषय मोर्चें के केंद्र में होंगे। इस संबंध में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को निर्देश जारी किए हैं। इसकी सूचना पार्टी प्रदेश महासचिव (संगठन एवं प्रशासन) देवानंद पवार ने दी।
उदयसिंह उर्फ गज्जू यादव को तुमसर का प्रभारी बनाया
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पटोले ने मोर्चे के लिए विदर्भ के अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों के निरीक्षक/प्रभारी नियुक्त किए हैं। साथ ही मोर्चे के संबंध में 6 या 7 दिसंबर को नियोजन बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया है। इस संबंध में भंडारा जिले में (साईं सभागृह, साई मंदिर के पास, राजीव गांधी चौक) में 6 दिसंबर, बुधवार को दोपहर 12:00 बजे बैठक होगी। बैठक में भंडारा जिला कांग्रेस कमेटी की प्रभारी नंदा पराते, भंडारा विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी अतुल लोंढे, तुमसर विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी उदयसिंह उर्फ गज्जू यादव एवं साकोली विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी राधेलाल पटले प्रमुख रूप से उपस्थित रहेंगे। भंडारा जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मोहन पंचभाई ने पार्टी के सभी सेल के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं से बैठक में उपस्थित रहने का अनुरोध किया है।
![]() |
उदयसिंह उर्फ गज्जू यादव (फाइल फोटो) |
विदर्भ में नागपुर विभाग का समन्वयक प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष नाना गावंडे एवं अमरावती विभाग का समन्वयक विधायक धीरज लिंगाडे को बनाया गया है। इसी तरह रामटेक विधानसभा क्षेत्र से उदयसिंह उर्फ गज्जू यादव एवं उमाकांत अग्निहोत्री तैयारी करेंगे। यादव पिछले विधानसभा चुनाव में रामटेक से कांग्रेस के उम्मीदवार थे। यादव ने कहा कि खरीफ सत्र में शुरुआत में ही अतिवृष्टि हुई। इससे फसलें खराब हो गईं। जंगली जानवरों ने भी फसलों को नुकसान पहुंचाया। बिजली कटौती के कारण कपास, सोयाबीन, धान, तुअर की फसलें बड़ी मात्रा में खराब हो गईं। बारिश एवं ओलों से रबी सत्र में गेहूं की फसल को नुकसान पहुंचा। वहीं, संतरा, अंगूर आदि के बागों को नुकसान हुआ। इन समस्याओं को लेकर मोर्चा निकाला जाएगा। आम जनता बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी की समस्याओं से त्रस्त है। इन समस्याओं के खिलाफ भी हम आवाज उठाएंगे।
*मोर्चे की प्रमुख मांगें :*
- खरीफ सत्र को दुष्काल (सूखा) घोषित कर पीड़ित किसानों को प्रति एकड़ 50 हजार रुपए आर्थिक मदद दी जाए।
- बिना शर्त सभी फसलों का बीमा मंजूर किया जाए।
- भारी बारिश एवं ओलावृष्टि ग्रस्त किसानों को प्रति एकड़ 50 हजार रुपए की मदद मिले।
- फडणवीस सरकार के दौर में फसल कर्ज माफी से वंचित किसानों को कर्जमुक्त करें।
- नियमित कर्ज चुकाने वाले किसानों को तत्काल 50 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि दी जाए।
- किसानों के खेतों में बिजली कटौती पूर्णत: बंद करें।
- फसल नष्ट करने वाले जंगली जानवरों का बंदोबस्त करें। नुकसान भरपाई दें।
- सरकारी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना बिना शर्त मंजूर करें।
- नवीन आकृति बंद अनुसार मंजूर सभी विभागों के रिक्त पद भरें।
- बेरोजगारों के लिए प्रति माह 5,000 रुपए बेरोजगारी भत्ता लागू करें।
- सरकार के विविध विभागों में कार्यरत संविदा कर्मचारियों एवं अधिकारियों को शासकीय सेवा में शामिल करें।
- आंगनवाड़ी सेविकाओं एवं मदतनीसों, आशा कार्यकर्ताओं व ग्रामरोजगार सेवकों की प्रलंबित मांगें पूरी करें।
- राज्यभर में शिक्षकों के रिक्त पद तत्काल भरें।
- पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों की प्रलंबित छात्रवृत्ति त्वरित अदा करें।
- बेघर लोगों को घरकुल योजना का लाभ दें।
- गैस, पेट्रोल और डीजल के दाम कम करें। महंगाई पर नियंत्रण रखें।
- जाति निहाय जनगणना कराएं।
****
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें