खैरी बिजेवाड़ा ग्राम पंचायत की वोटर लिस्ट में गड़बड़ी नहीं : तहसीलदार
सुनो सुनो रिपोर्ट |
रामटेक | तहसील के खैरी बिजेवाड़ा ग्राम पंचायत चुनाव के लिए रविवार को मतदान होने जा रहा है। तहसीलदार हंसा मोहने का कहना है कि खैरी बिजेवाड़ा ग्राम पंचायत क्षेत्र की वोटर लिस्ट में कोई गड़बड़ी नहीं है। किसी ने शिकायत की थी कि 200 वोटरों के नाम में दोहराव हुआ है। हमने जांच की। पता चला कि केवल 6 नामों में दोहराव है। उसमें भी कोई गड़बड़ी नहीं थी क्योंकि इन वोटरों ने फार्म नंबर 7 भरकर अपना नाम खैरी बिजेवाड़ा (वार्ड नंबर 1) में शिफ्ट कराया था। ये लोग इसी वार्ड में रहते हैं।
तहसीलदार ने कहा, 'हमने दो महीने पूर्व मतदाता सूची प्रकाशित की थी। सूची पर आपत्ति जताने के लिए एक महीने का समय दिया था। उस एक महीने की अवधि में शिकायत दर्ज नहीं कराई गई। चुनाव के वक्त सूची में बदलाव नहीं किया जा सकता।'
बता दें कि खैरी बिजेवाड़ा ग्राम पंचायत का विभाजन 2013 में हुआ था। विभाजन के बाद शीतलवाड़ी-परसोडा अलग ग्राम पंचायत बनी। जबकि खैरी बिजेवाड़ा ग्रा.प. में चार वार्ड बनाए गए। वार्ड नंबर- 1 खैरी बिजेवाड़ा, वार्ड नंबर-2 मनसर माइन, वार्ड नंबर-3 चारगांव, वार्ड नंबर-4 वाहीटोला। इस ग्राम पंचायत क्षेत्र में कुल 2890 मतदाता हैं। वर्ष 2011 की जनसंख्या के आधार पर इस ग्रा.पं. में 2013 में 11 सदस्य निर्धारित किए गए। इससे पूर्व 15 सदस्य होते थे। इसके तहत तीन वार्डों से तीन-तीन एवं एक वार्ड से दो सदस्य चुने जाते हैं। यहां तक कि बात आम मतदाताओं को समझ आ जाती है। इसके बाद की बातें अक्सर आम मतदाता नहीं समझ पाता। इसलिए हमने ग्रा.प. की निवृत्तमान सरपंच उर्मिला खुडसाव से बात की। उन्होंने बताया कि कैसे हर चुनाव में वार्ड के रोस्टर बदले जाते हैं।
जानिए : हर चुनाव कैसे बदलता है वार्ड का रोस्टर
साल 2013 : वार्ड नंबर-4 (वाहीटोला) में दो सीटों का रोस्टर आया। इस वार्ड को छोटा किया गया। यहां के अतिरिक्त वोट वार्ड नंबर- 2 और 3 (चारगांव(मॉयल कॉलोनी)+मनसर माइन) में शिफ्ट किए गए।
साल 2018 : वार्ड नंबर-1 खैरी बिजेवाड़ा में दो सीटों का रोस्टर आया। इस वार्ड को छोटा किया गया। यहां के अतिरिक्त वोट वार्ड नंबर-3 (वाहीटोला) और वार्ड नंबर-2 (मनसर माइन ) में शिफ्ट किए गए।
साल 2023 : वार्ड नंबर-2 (मनसर माइन) में दो सीटों का रोस्टर आया। इस वार्ड को छोटा किया गया। यहां के मिलिंद सांगोड़े से नरेश शेंडे के घर तक की लाइन के 105 वोट वार्ड नंबर-1 खैरी-बिजेवाड़ा और वार्ड नंबर-3 चारगांव (रिलायंस कॉलोनी) मे शिफ्ट किए गए। इसलिए इस चुनाव (2023) में वार्ड नंबर-1 में 702, वार्ड नंबर-2 में 564, वार्ड नंबर-3 में 815 और वार्ड नंबर-4 में 809 वोटर हैं।
साल 2028 : नियमानुसार 2028 में दो सीटों का रोस्टर वार्ड नंबर-3 (चारगांव) में आएगा। तब यह वार्ड छोटा किया जाएगा। इससे यहां के वोटर कम हो जाएंगे।
मॉयल के क्वार्टर बदलने पर भी सूची में बदलाव
पिछले 7-8 वर्षों के दौरान मॉयल के कई क्वार्टर टूट-फूट गए। इन क्वार्टरों में रहने वाले कर्मचारी वार्ड नंबर-3 (चारगांव- मॉयल कॉलोनी) में आकर रहने लगे। वे पिछले 5-6 साल से यहां रह रहे हैं। इसी तरह वार्ड नंबर-2 (मनसर माइन) को छोटा करने के लिए करीब 140 वोट वार्ड नंबर-3 (चारगांव) में शिफ्ट किए गए। वार्ड नंबर-2 (मनसर माइन) में रहने वाले कुछ लोग मॉयल से रिटायर होने के बाद वार्ड नंबर-1 (खैरी बिजेवाड़ा- रेलवे लाइन के पास) में अपना घर बनाकर रहने लगे। ये लोग अपने मकान का ग्राम पंचायत टैक्स, बिजली बिल आदि का भुगतान कर रहे हैं। निवृत्तमान सरपंच उर्मिला खुडसाव ने मतदाताओं से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें। मतदान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें