रामटेक : एक लाख वृक्षारोपण का कार्य अटका, अधिकारी नहीं दे रहे ध्यान

@ सुनो सुनो रिपोर्ट |

रामटेक | तहसील की खैरी बिजेवाड़ा ग्रामपंचायत क्षेत्र में एक लाख वृक्षारोपण का कार्य अटका पड़ा है। कई निवदनों के बावजूद इस विषय पर अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं। इस संबंध में पंचायत समिति, रामटेक के पूर्व उपसभापति उदयसिंह उर्फ गज्जू यादव ने राज्य सरकार के रोजगार गारंटी योजना मंत्री संदीपनराव भुमरे को पत्र लिखा है। पत्र में अब तक की स्थिति की जानकारी दी गई है।

यादव का कहना है कि विभिन्न कार्यालयों को पत्र लिखने के बावजूद वृक्षारोपण का कार्य अटका पड़ा है। पूर्व उपसभापति उदयसिंह यादव के अनुमोदन पर खैरी-बिजेवाड़ा ग्रामपंचायत की ग्रामसभा में 8 सितंबर 2021 को महात्मा गांधी ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के अंतर्गत उक्त कार्य को मंजूरी दी गई थी। इस कार्य को पंचायत समिति की ओर से 2022-23 के अतिरिक्त पूरक नियोजन कृति आराखड़ा के तहत मान्यता दी जानी थी। एक लाख वृक्षारोपण के लिए ग्रामपंचायत खैरी बिजेवाड़ा की ओर मे महसूल (राजस्व) व वनविभाग की 109 हेक्टर शासकीय जमीन उपलब्ध है। यह वृक्षारोपण स्थानीय किसानों के खेतों मे, खेतो के पांधन रास्तों एवं उक्त सरकारी जमीन पर अलग अलग स्थानों पर करने का प्रस्ताव है। सभी ग्रामीणों के लिए गोट शेड, कैटल शेड, पानी के गड्ढे, पोल्ट्री शेड जैसे कार्यों का नियोजन भी किया गया है ।

कहां-कहां पौधारोपण का नियोजन :

- मौजा खैरी से हिवरी मार्ग के दोनों तरफ।
- मौजा खैरी से नांदयादेव पॉवर हाउस तक दोनों तरफ।
- मौजा चारगांव- दफाई से कांद्री माइन मार्ग के दोनों तरफ।
- मौजा बिजेवाड़ा मुख्य मार्ग से श्मशान भूमि तक दोनों तरफ।
- मौजा खैरी/बिजेवाड़ा / चारगांव में शासकीय जमीन और वन विभाग की जमीन पर। तीनों स्थानों में भी बाकी रास्तों के किनारे।
- मौजा खैरी/बिजेवाड़ा/ चारगांव में किसानों के खेतों के किनारे।
- मौजा चारगांव- रिलायंस पेट्रोल पंप- चारगांव मेन रोड तक दोनों तरफ।

यादव ने बताया कि पंचायत समिति रामटेक के गटविकास अधिकारी एवं संबंधित अधिकारियों को उक्त स्थानों पर वृक्षारोपण की मंजूरी के लिए निर्देश प्राप्त हुए थे। इसके बावजूद संबंधित विभाग ने इतने महत्वपूर्ण विषय पर ध्यान नहीं दिया। इसमें वन विभाग, रामटेक ने ज्यादा लेटलतीफ की, जिसकी वजह से तकरीबन 50,000 पेड़ लगाने का कार्य रुका हुआ है। ग्राम पंचायत खैरी-बिजेवाड़ा के अंतर्गत एक लाख वृक्षारोपण के प्रस्ताव को एनओसी नहीं दी। इस वृक्षारोपण का नियोजन किया जा चुका है। इसके लिए मजदूर भी उपलब्ध हैं। ग्रामपंचायत के स्थानीय मजदूर लगातार काम मांग रहे हैं। इसके बावजूद  पंचायत समिति ने केवल 5,000 पौधे लगाने को कहा था। बताया जा रहा है कि गज्जू यादव अधिकारियों के रवैये पर भड़क गए। उसके बाद आनन -फानन में 50,000 (पचास हजार) वृक्षारोपण के कार्य को मंजूरी मिल गई है।

यादव ने कहा कि प्रशासन ने बार-बार निर्देश दिया। इसके बावजूद संबंधित अधिकारी ग्राम पंचायत के ठराव (ठहराव) एवं वरिष्ठों के पत्रों पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। इस मामले की जांच एवं दोषी अधिकारियों पर उचित कार्रवाई अपेक्षित है। एक लाख पौधे लगाने का कार्य मंजूर होने पर ग्रामीण क्षेत्रों के तक़रीबन पांच सौ परिवारों को तीन साल तक रोजगार मिलेगा। साथ ही पर्यावरण संतुलन एवं प्रकृति का संरक्षण हो सकेगा। इसलिए मनरेगा 2022-23  अतिरिक्त नियोजन कृति आराखड़ा अंतर्गत एक लाख पौधे लगाने के लिए संबंधित पक्षों को उचित निर्देश दिया जाए। बताया गया है कि इस मामले में विधायक चंद्रशेखर बावनकुले के माध्यम से मंत्री संदीपन भुमरे के साथ बैठक आयोजित की जाएगी।

****



टिप्पणियाँ

सबसे ज्यादा लोकप्रिय

महाराष्ट्र : शिंदे ने कहा- मोदी जिसे मुख्यमंत्री बना दें, हमारी तरफ से कोई अड़ंगा नहीं...

आचार संहिता : ‘लाडकी बहिन’ योजना के अग्रिम भुगतान पर रोक!

महाराष्ट्र : 12 जिला परिषदों और 125 पंचायत समितियों के चुनाव 5 फरवरी को

अंतरराष्ट्रीय स्पर्धा में रामटेक के सोनू बेठेकर को यश

देश : शिक्षक दिवस पर प्रधानमंत्री की घोषणा- 14,500 'पीएम श्री स्कूल' विकसित किए जाएंगे

नवरात्र पर कविता : सरस्वती ने शील तो/ लक्ष्मी ने वैभव दे दिया/ शक्ति दुर्गा कालिका से/ क्षमा पृथ्वी से लिया