नागपुर : पुनीत सागर अभियान पर एनसीसी का विशेष कार्यक्रम
@ सुनो सुनो रिपोर्ट |
नागपुर | कामठी स्थित गार्ड्स रेजिमेंटल सेंटर के ऑडिटोरियम में एनसीसी ग्रुप नागपुर ने गुरुवार को पुनीत सागर अभियान पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में ग्रुप कैप्टन खुशाल व्यास (ग्रुप कमांडर एनसीसी ग्रुप मुख्यालय, नागपुर) ने मुख्य अतिथि मेजर जनरल एसके विद्यार्थी (एवीएसएम, एसएम, जीओसी उत्तर महाराष्ट्र और गुजरात सब एरिया) का स्वागत किया। कार्यक्रम में विभिन्न वरिष्ठ रैंकिंग अधिकारी, एएनओ, सैन्य कर्मचारी और करीब 300 एनसीसी कैडेट शामिल हुए।
यह कार्यक्रम सालभर पुनीत सागर और स्वच्छ भारत अभियान के तहत आयोजित गतिविधियों का उत्सव मनाने के लिए आयोजित किया गया था। ये गतिविधियां जी20 की अध्यक्षता, अमृतकाल महोत्सव, भारत सरकार के दृष्टिकोण और सामाजिक जिम्मेदारी के साथ तालमेल के लिए आयोजित की गई थीं। रक्षा मंत्रालय ने बताया कि अभियान के तहत 3.4 लाख एनसीसी कैडेटों ने एनएचएआई के साथ समझौता ज्ञापन के तहत सड़क निर्माण के लिए पुन: उपयोग किए जा रहे लगभग छह टन प्लास्टिक कचरे को एकत्रित किया।
नागपुर ग्रुप की एनसीसी इकाइयों और कैडेटों ने ऑनलाइन क्विज, निबंध लेखन, पोस्टर प्रतियोगिता, जागरूकता रैली आयोजित कीं। प्लास्टिक का उपयोग कम करने, सार्वजनिक भागीदारी के साथ पर्यावरण और जल निकायों के संरक्षण की गतिविधियां कीं। इन गतिविधियों में संतरा नगरी के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसमें फुटाला झील और नागपुर एवं इसके आसपास के जल निकायों की स्वच्छता की गई। राष्ट्रीय स्तर पर एनसीसी ने एकत्रित प्लास्टिक कचरे के पुनर्चक्रण और उपयोग के लिए उद्योग, शिक्षा जगत और आईआईटी के साथ सहयोग किया।
समारोह में एनसीसी नागपुर की 4 महाराष्ट्र बटालियन और 3 महाराष्ट्र गर्ल्स बटालियन ने पर्यावरण और जल संरक्षण का संदेश देते हुए सार्थक नाटक, गीत और नृत्य प्रस्तुत किए। पुरस्कारों का वितरण भी हुआ। कार्यक्रम के समापन पर 'वसुधैव कुटुंबकम', 'दुनिया एक परिवार है' जैसे नारे गूंजे।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें