नागपुर : 'ओह माई झूलेलाल' ने किया मुग्ध, सुंदर कला संगम के नाट्य सौरभ अवार्ड वितरित
@ विशेष प्रतिनिधि|
नागपुर। महाराष्ट्र राज्य सिंधी साहित्य अकादमी, संजीवनी फाउंडेशन व सुंदर कला संगम के संयुक्त तत्वावधान में सिंधी रंगमंच के ख्यातिप्राप्त निर्देशक सुंदर बूटानी की स्मृति में नाट्य सौरभ अवार्ड 2023 का वितरण वसंतराव देशपांडे सभागृह में किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में अकादमी के कार्याध्यक्ष महेश सुखरामानी, साधना सहकारी बैंक के चेयरमैन घनश्यामदास कुकरेजा, मनपा स्थायी समिति के पूर्व अध्यक्ष वीरेन्द्र कुकरेजा, मुंबई के डॉ. हेमंत मित्तल, समाजसेेवी वाधनदास तलरेजा, साधना सह. बैंक के संचालक एड. विनोद लालवानी उपस्थित थे। अतिथियों ने इष्टदेव वरुणावतार झूलेलाल व स्व. सुंदर बूटानी के चित्र पर माल्यार्पण कर ज्योति प्रज्वलित की। रामरख्यानी ने सिंंधी भाषा के उत्थानार्थ हरसंभव प्रयास करने का आश्वासन दिया। सभी ने संस्थाध्यक्ष किशन आसूदानी के मार्गदर्शन में हुए इस आयोजन की सराहना की।
नाट्य-जगत में उत्कृष्ट योगदान के लिए निर्देेशिका जूली तेजवानी (उल्हासनगर), रेेडियो कलाकार महेश कुमार शर्मा, अंजू भावे बूटानी, अरुण सलूजा व जयराम रामरख्यानी को शाल व स्मृति-चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रारंभ में देश-विदेश में सुपरिचित गायिका मंजुश्री आसूदानी ने सिंधी गीतों व कलामों से श्रोताओं को मुग्ध किया। सिंधु सखा संगम, उल्हासनगर के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत और निखिल राजपाल लिखित नृत्य-संगीत से सुसज्जित महानाट्य 'ओह माई झूलेलाल' ने भरपूर तालियां बटोरीं। संचालन डॉ. संगीता दलवानी ने किया।
इसके पूर्व जरीपटका में 'सिंधी भाषा जे वाधारे लाइ रंगमंच जो योगदान' विषय पर डॉ. विनोद आसूदानी की अध्यक्षता में आयोजित सेमिनार में किशोर लालवानी, तुलसी सेतिया, राकेश मोटवानी, हरभगवान नागपाल, डाॅ. मीरा जारानी व डाॅ. सोनू जेसवानी ने विचार रखे। सिंधी सामाजिक क्षेत्र में विशेष सहयोग के लिए प्रीतमदास मथरानी व कमल बीखानी के साथ ही राज्य सिंधी साहित्य अकादमी के नवनिर्वाचित सदस्यों प्रताप मोटवानी, राजेश बटवानी, मंजु कुंगवानी, तुलसी सेतिया और डॉ. रोमा बजाज का सत्कार भी किया गया। संचालन टीवी कलाकार जीतू वजीरानी व प्रियंका पंजाबी वजीरानी ने किया। दोनों आयोजनों की व्यवस्था का दायित्व राजेश स्वामनानी 'पप्पी' ने निभाया। सफलतार्थ समस्त सदस्यों ने प्रयास किए।
****





टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें