सावनेर : खापा में नाबालिग से 6 महीने तक सामूहिक दुष्कर्म, 12 आरोपियों पर केस
@ एड. प्रदीप खांबलकर |
सावनेर | तहसील के खापा इलाके में 15 वर्षीय लड़की से छह महीने तक सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस संबंध में 12 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार सामूहिक दुष्कर्म की यह वारदात 2 मार्च 2023 से 26 सितंबर 2023 तक की है। आरोपियों के नाम धीरज हिवरकर (21), लकी धार्मिक (20), विकास हेडाउ (23), वेदु आवते (23), गोलू लिखार (25), लिलाधर चौरागडे, सुशील धार्मिक, गौरव खुबालकर, प्रणय टेकाडे, निखिल धांदे, विक्की लिखार और स्नेहल सुरकार है। सभी आरोपी खापा के निवासी हैं।
पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि आरोपी धीरज हिवरकर ने पहले उसकी अश्लील तस्वीरें खींचीं। ये तस्वीरें अन्य आरोपियों को भेजीं। उसके बाद आरोपियों ने तस्वीरें वायरल करने की धमकी देकर उसे जबदस्ती एक घर में बुलाया। वहां उसके साथ कई बार सामूहिक दुष्कर्म किया। साथ ही धमकी दी कि अगर किसी से कहा तो उसके पिता की हत्या कर देंगे।
खापा पुलिस स्टेशन में उक्त सभी आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धाराओं 376 (2) (एन), 376 (ड), (डअ), 354 (अ), 354(ड), 506 एवं उपधाराओं 4, 6, 11, 12 व पोक्सो एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। इसके अलावा आईटी एक्ट की धाराएं भी लगाई गई हैं। मामले की जांच पुलिस निरीक्षक रवींद्र मानकर कर रहे हैं। समाचार लिखे जाने तक आरोपियों को गिरफ्तारी के संबंध में जानकारी नहीं मिली थी।
****
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें