इंडिया गठबंधन ने 14 न्यूज एंकरों का बहिष्कार किया; भाजपा बोली- इमरजेंसी 2.0

@ सुनो सुनो नेटवर्क |

विपक्षी दलों के गठबंधन इंडिया ने 14 न्यूज एंकरों का बहिष्कार कर दिया है। गठबंधन ने इन एंकरों की सूची भी जारी की है। इस सूची में कई बड़े निजी और सरकारी समाचार चैनलों के एंकर हैं।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने इन एंकरों की सूची जारी करते हुए लिखा है कि इंडिया कोऑर्डिनेशन कमेटी ने 13 सितंबर को इस बारे में फैसला लिया था। जिन एंकरों को इंडिया गठबंधन ने ब्लैक लिस्ट किया है, उनके नाम हैं- अदिति त्यागी, अमन चोपड़ा, अमीश देवगन, आनंद नरसिम्हन, अर्णब गोस्वामी, अशोक श्रीवास्तव, चित्रा त्रिपाठी, गौरव सावंत, नविका कुमार, प्राची पराशर, रुबिका लियाकत, शिव अरूर, सुधीर चौधरी, सुशांत सिन्हा।

खेड़ा ने कहा कि यह फैसला बेहद भारी मन के साथ किया गया है। पवन खेड़ा ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा, 'रोज शाम पांच बजे से कुछ चैनलों पर नफरत की दुकानें सजाई जाती हैं। हम नफरत के बाजार के ग्राहक नहीं बनेंगे। हम नफरत से भरे नैरेटिव को वैध नहीं ठहराना चाहते हैं जो हमारे समाज को नुकसान पहुंचा रहा है। लिस्ट जारी करने के पीछे यह विचार था। एंकरों में किसी के साथ हमारा कोई विरोध नहीं है। लेकिन हम उससे अधिक अपने देश से प्यार करते हैं। हम अपने भारत को प्यार करते हैं। आज निर्णय लिया गया कि कुछ एंकरों को चिन्हित कर उनके शो में न जाया जाए, जिससे एक सख्त कदम उठाया जा सके। आप हमारे नेताओं के खिलाफ हेडलाइन बनाते हैं। उनकी मीम्स बनाते हैं। उनके भाषणों को तोड़-मरोड़ कर पेश करते हैं। आप फेक न्यूज फैलाते हैं। आप जो कुछ करते हैं, हम लड़ने को तैयार हैं। लेकिन अगर समाज में नफरत फैलाएंगे, जो हिंसा का रूप ले ले तो हम उसमें भागीदार नहीं रहेंगे।'

भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा, 'इंडी अलायंस का मीडिया के खिलाफ उठाया गया कदम इमरजेंसी 2.0 है। यह दिखाता है कि उनका लोकतंत्र में कोई भरोसा नहीं है। एक इमरजेंसी इंदिरा गांधी ने दी थी, दूसरा इस घमंडिया यानी इंडी अलायंस के नेताओं ने दिया है। यह दिखाता है कि इनका लोकतंत्र में कोई भरोसा नहीं है। आप बंगाल, तमिलनाडु और अन्य विपक्ष शासित राज्यों को देख लीजिए, जहां पत्रकारों के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए जाते हैं। अब वे उनका बहिष्कार करने की बात करते हैं। इससे बड़ी शर्मनाक बात कोई और नहीं है। जो अभिव्यक्ति की आजादी की बात और मीडिया की स्वायत्तता की बात करते थे, आज वे मीडिया को दबाने का सबसे बड़ा उदाहरण बने हैं।'

'आज तक' न्यूज चैनल के एंकर सुधीर चौधरी ने एक्स पर लिखा, 'इंडिया गठबंधन ने उन पत्रकारों की लिस्ट जारी की है जिन्होंने चरण चुंबक बनने से इनकार कर दिया। इनका बहिष्कार किया जाएगा। अब देखना यह है कि भारत का मीडिया इसका क्या जवाब देता है।' बता दें कि इसी हफ्ते कर्नाटक में सुधीर चौधरी पर अपने एक शो में सांप्रदायिक सौहार्द्र बिगाड़ने का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई गई थी।

****





टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें

सबसे ज्यादा लोकप्रिय

रामटेक से महायुति के उम्मीदवार आशीष जैस्वाल जीते

नागपुर : स्कूल बस पलटी, छात्रा की मौत, कई विद्यार्थी घायल

सावनेर से महायुति के उम्मीदवार आशीष देशमुख जीते

कामठी से महायुति के उम्मीदवार चंद्रशेखर बावनकुले जीते

महाराष्ट्र : शिंदे ने कहा- मोदी जिसे मुख्यमंत्री बना दें, हमारी तरफ से कोई अड़ंगा नहीं...

जिला परिषद पर सरकार के 65.26 करोड़ बकाया : यादव