रामटेक में किडनी मरीजों के लिए डायलिसिस यूनिट को मंजूरी

चंद्रशेखर बावनकुले एवं उदयसिंह उर्फ गज्जू यादव (फाइल फोटो)

@ सुनो सुनो रिपोर्ट |

रामटेक |  उपजिला अस्पताल, रामटेक में किडनी मरीजों के लिए डायलिसिस यूनिट खुलेगी। स्वास्थ्य विभाग ने इसकी मंजूरी दे दी है। इसका लाभ रामटेक, पारशिवनी तथा मौदा तहसीलों के लोगों को होगा। कांग्रेस नेता एवं पंचायत समिति, रामटेक के पूर्व उपसभापति उदयसिंह उर्फ गज्जू यादव इसके लिए लगातार प्रयासरत थे। यादव ने महाविकास आघाड़ी सरकार के तत्कालीन सार्वजनिक स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे को निवेदन देकर इस डायलिसिस यूनिट की मांग की थी। यह निवेदन-पत्र 29 सितंबर 2021 को सौंपा गया था। 

टोपे ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश जारी किए थे। उसके बाद उपसंचालक आरोग्य सेवा नागपुर मंडल, नागपुर ने (जा. क्र. उसआसे/नियोजन/श्रेणी वृद्धि व आरोग्य सुविधा/18491-94/2022  अनुसार) 30 मार्च 2022 को जिला शल्य चिकित्सक, सर्वोपचार रुग्णालय, नागपुर को पत्र जारी किया। जिला शल्य चिकित्सक, सर्वोपचार रुग्णालय, नागपुर ने उपजिला रुग्णालय रामटेक में किडनी संबंधी मरीजों के लिए डायलिसिस यूनिट लगवाने का प्रस्ताव भेजने को कहा। इस बीच महाविकास आघाड़ी सरकार बदल गई। 

सरकार बदलने के बाद गज्जू यादव ने 19 जुलाई 2022 को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं विधायक चंद्रशेखर बावनकुले को निवेदन दिया। उनसे रामटेक विधानसभा क्षेत्र के लिए डायलिसिस यूनिट की मांग की। यादव ने ध्यान दिलाया कि रामटेक एवं पारशिवनी से हर दिन 25-25 किडनी मरीज डायलिसिस के लिए नागपुर जाते हैं। लंबी दूरी तय करने से मरीजों की हालत और अधिक खराब हो जाती है। यादव ने अनुरोध किया कि उपजिला अस्पताल, रामटेक में डायलिसिस यूनिट की स्थापना की जाए। यादव ने इस यूनिट में नेफ्रोलॉजिस्ट, फिजिशियन, डायलिसिस टेक्निशयन, नर्सिंग स्टाफ एवं वार्ड ब्वाय की नियुक्ति की भी मांग की। बावनकुले ने जनहित की इस मांग पर गंभीरता से ध्यान दिया। उन्होंने जिला शल्य चिकित्सक (सर्वोपचार रुग्णालय, नागपुर) को मामले पर उसी दिन पत्र लिखकर कहा कि रामटेक में डायलिसिस यूनिट की स्थापना का प्रस्ताव जल्द तैयार कर राज्य सरकार को प्रस्ताव भेजें। 

जिला शल्य चिकित्सक ने (जावक क्रमांक /9007-11, दिनांक 28/07/2022 अनुसार) संबंधित सभी विभागों के अधिकारियों से पत्र-व्यवहार एवं प्रस्ताव संबंधी प्रक्रिया पूरी की। प्रस्ताव राज्य सरकार के आरोग्य विभाग को (जा.क्र. जिशचि/सरूना/11727/2022 कार्यालय जिला शल्य चिकित्सक सर्वोपचार रुग्णालय, नागपुर दिनांक 18/11/2022 अनुसार) मंजूरी के लिए भेज दिया। उसके बाद उदयसिंह उर्फ गज्जू यादव ने विधायक चंद्रशेखर बावनकुले के माध्यम से निरंतर इस प्रस्ताव की मंजूरी के लिए राज्य के सार्वजनिक स्वास्थ्य मंत्री तानाजी सावंत से भेंट की। यादव ने प्रयास जारी रखा। इसका परिणाम यह हुआ कि स्वास्थ्य विभाग ने उपजिला अस्पताल, रामटेक में डायलिसिस यूनिट को मंजूरी दे दी।

महाराष्ट्र शासन सार्वजनिक आरोग्य विभाग के आदेश (शासन निर्णय क्रमांक: प्रशामा - 1223/प्र. क्र.143/आरोग्य -07 मंत्रालय मुंबई दिनांक 21 मार्च 2023) के अनुसार यह डायलिसिस यूनिट 1100 वर्गफुट में होगी। इसमें 50 बेड होंगे। इस उपलब्धि पर यादव ने विधायक चंद्रशेखर बावनकुले, मंत्री तानाजी सावंत के प्रति आभार व्यक्त किया है। बता दें कि नागपुर संभाग में 10 नई डायलिसिस यूनिट खुलेंगी। इनमें से नागपुर जिले में केवल रामटेक के लिए मंजूरी मिली है। अन्य नौ यूनिट वर्धा, गडचिरोली और चंद्रपुर जिलों में होंगी।

****


टिप्पणियाँ

सबसे ज्यादा लोकप्रिय

महाराष्ट्र : शिंदे ने कहा- मोदी जिसे मुख्यमंत्री बना दें, हमारी तरफ से कोई अड़ंगा नहीं...

आचार संहिता : ‘लाडकी बहिन’ योजना के अग्रिम भुगतान पर रोक!

महाराष्ट्र : 12 जिला परिषदों और 125 पंचायत समितियों के चुनाव 5 फरवरी को

अंतरराष्ट्रीय स्पर्धा में रामटेक के सोनू बेठेकर को यश

देश : शिक्षक दिवस पर प्रधानमंत्री की घोषणा- 14,500 'पीएम श्री स्कूल' विकसित किए जाएंगे

नवरात्र पर कविता : सरस्वती ने शील तो/ लक्ष्मी ने वैभव दे दिया/ शक्ति दुर्गा कालिका से/ क्षमा पृथ्वी से लिया