नागपुर के सागर कुंभारे ने माउंट यूनाम शिखर पर तिरंगा लहराया
![]() |
प्रवीण शेलके के साथ सागर कुंभारे। |
@ सुनो सुनो रिपोर्ट |
नागपुर | जिले के अंतरराष्ट्रीय पर्वतारोही सागर कुंभारे ने हिमाचल प्रदेश के लाहौल क्षेत्र में माउंट यूनाम शिखर पर तिरंगा लहराया। यह शिखर समुद्र तल से 20,000 फुट ऊंचा है। सागर ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर यह उपलब्धि हासिल की। सागर उक्त शिखर पर तिरंगा फहराने वाले पर्वतारोहियों की टीम का हिस्सा थे। इस अभियान में महाराष्ट्र के छह पर्वतारोही शामिल हुए।
सागर ने बताया कि उनकी टीम 11 अगस्त को मनाली से निकली थी। टीम ने किलाग जिस्पा, भरतपुर मार्ग से चढ़ाई शुरू की। भरतपुर में ऑक्सीजन 55 ही दिख रहा था। विविध पद्धति से इसे 80 तक लाया गया। उसके बाद चढ़ाई की जा सकी। भरतपुर से कैंप-1 तक खड़ी चढ़ाई थी। कैंप- 1 समुद्र तल से 17,000 फुट ऊंचा है। यहां टीम एक दिन रही। जैसे-जैसे ऊंचाई बढ़ती है, शरीर को वातावारण के अनुकूल बनने में कठिनाई होती है। शरीर का ऑक्सीजन स्तर बढ़ाना पड़ता है। इसके लिए लगातार पानी पीने, दिन में न सोने और शारीरिक व्यायाम करने की जरूरत होती है। धीरे- धीरे ऊंचाई पर पहुंचना होता है।
विभिन्न सावधानियां बरतते हुए टीम के सदस्य 15 अगस्त को सुबह माउंट यूनाम शिखर पर पहुंचे। इस दौरान कई घंटों तक दुर्गम स्थानों से गुजरना पड़ा। चट्टानों, गड्ढों, बर्फ और बारिश का सामना किया। सागर ने बताया कि वे और वर्धा के प्रवीण शेलके माउंट यूनाम पर पहुंचने में सफल हुए। माउंट यूनाम पर तिरंगा लहराया। इस मुहिम को इंडियन माउंटेनरिंग फाउंडेशन दिल्ली ने मान्यता दी थी। टीम में 10 सदस्य शामिल थे। इनमें महाराष्ट्र से छह, हरियाणा से दो, जम्मू-कश्मीर व मध्यप्रदेश से एक-एक सदस्य शामिल थे। मौसम बदलने के कारण महाराष्ट्र के चार सदस्य 400 मीटर पहले ही रुक गए। इन सदस्यों के नाम प्रवीण मांजरखेडे (मुंबई), सुबोध वरघट (अमरावती), निशांत सोनेकर (पुलगांव) और आदर्श मासटे (गडचिरोली) हैं।
बताया गया है कि सागर चंद्रकिशोर कुंभारे अंतरराष्ट्रीय पर्वतारोही हैं। वे माउंट आबू - राजस्थान (2019), माउंट पतालसू - हिमाचल प्रदेश (2021), माउंट ब्लैक पीक - उत्तराखंड (2022) और माउंट किलिमंजारो- तंजानिया, अफ्रीका (2023) भी पहुंच चुके हैं।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें