कोंबिंग ऑपरेशन : कन्हान में बदमाशों के घरों से 2 पिस्तौल, 3 तलवार, 1 कोयता जब्त
@ कमल यादव |
कन्हान (पारशिवनी) | पुलिस ने कन्हान में शनिवार को कोंबिंग ऑपरेशन (तलाशी अभियान) चलाया। बदमाशों के घरों की तलाश ली। दो पिस्तौल, तीन तलवार और एक कोयता जब्त किया। चार आरोपियों पर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार कोंबिंग ऑपरेशन के तहत कन्हान में 42 आरोपियों के घरों की तलाशी ली गई। इनमें से चार आरोपियों के घरों से हथियार जब्त किए गए। पहले आरोपी साहिल खान के घर से एक पिस्तौल और एक जिंदा कारतूस जब्त किया गया। दूसरे आरोपी परशुराम गौतम के घर से एक देशी पिस्तौल, एक जिंदा कारतूस और लोहे की एक तलवार जब्त की गई। तीसरे आरोपी अमन सिंह के घर से लोहे की दो तलवारें जब्त कीं। चौथे आरोपी निखिल उर्फ सन्नी गजभिये के घर से लोहे का एक कोयता जब्त किया गया। इस तरह दो पिस्तौल, तीन तलवार और एक कोयता बरामद हुआ।
कन्हान पुलिस स्टेशन में चारों आरोपियों के खिलाफ भारतीय हथियार कानून के तहत केस दर्ज किया गया है। यह कोबिंग ऑपरेशन करीब 25 पुलिस अधिकारियों एवं 110 कर्मचारियों ने मिलकर पूरा किया। यह कार्रवाई नागपुर ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक विशाल आनंद एवं अपर पुलिस अधीक्षक संदीप पखाले के मार्गदर्शन में की गई।
******


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें