बुलढाणा : समृद्धि एक्सप्रेस-वे पर बस में लगी आग, 25 यात्रियों की मौत, 8 घायल
बुलढाणा | बुलढाणा जिले के पिंपलखुटा गांव (सिंदखेड़राजा) में समृद्धि एक्सप्रेस-वे पर शुक्रवार देर रात यात्री बस में आग लग गई। हादसे में 25 यात्रियों ने दम तोड़ दिया। जबकि 8 यात्री घायल हो गए।
प्रााप्त जानकारी के अनुसार एक निजी ट्रैवल्स की बस नागपुर से पुणे जा रही थी। बस देर रात करीब 1:30 बजे बुलढाणा के पिंपलखुटा पहुंची। वहां टायर फटने से बस का संतुलन बिगड़ गया। बस एक खंभे से टकराने के बाद
डिवाइडर से जा टकराई। उसके बाद बस आग से धधक उठी। इस आग मेंं 25 यात्रियों की मौत हो गई। जबकि 8 यात्री घायल हो गए। बस में 33 यात्री थे। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती किया गया है।
मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पिंपलखुटा गांव का दौरा किया। शिंदे ने कहा कि उनकी सरकार बुलढाणा जिले में हुई बस दुर्घटना पर गंभीरता से ध्यान दे रही है। नागपुर-मुंबई समृद्धि एक्सप्रेस-वे पर दुर्घटनाओं को रोकने के लिए समुचित उपाय किए जाएंगे।
इधर, शिवसेना (यूबीटी) के अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने कहा कि बुलढाणा के हादसे से राज्य सरकार की आंखें खुल जानी चाहिए। इस एक्सप्रेस-वे में अब तक 300 से ज्यादा लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। लेकिन सरकार ने हादसों को रोकने के लिए कुछ नहीं किया।
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले साल दिसंबर में 520 किलोमीटर लंबे नागपुर-मुंबई समृद्धि महामार्ग के पहले चरण का उद्धघाटन किया था। इस एक्सप्रेस-वे का आधिकारिक नाम ‘हिंदू ह्रदयसम्राट बालासाहेब ठाकरे महाराष्ट्र समृद्धि महामार्ग’ है। यह उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की महत्वकांक्षी परियोजना है।
****


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें