राजनीति की दशा और दिशा बदलने उभरकर आएगा एक नया जेपी : डॉ. गजबे
@ अजय पांडे |
नागपुर | वर्ष 2024 के आम चुनाव से पहले भारतीय राजनीति के क्षीतिज पर जयप्रकाश नारायण (जेपी) जैसा सशक्त और प्रभावशाली नेता उभरकर आएगा। वह देश की सुस्त और गुमराह जनता को सही राह दिखाएगा। देश की लगातार टूटती, बिखरती और लड़खड़ाती राजनीति को सही दिशा देगा। इस तरह भारतीय राजनीति की दशा और दिशा को बदलकर रख देगा। यह कहना है विदर्भ राज्य संघर्ष समिति के पदाधिकारी, पूर्व राज्यमंत्री और आदिवासी नेता डॉ. रमेश गजबे का।
डॉ. गजबे ने कहा कि जनता राजनेताओं के भटकाने वाले विचारों के मकड़जाल में फंसकर बुरी तरह गुमराह हो गई है। वह अपना हित और अहित भी पहचान नहीं पा रही है। केंद्र ही नहीं, राज्य सरकारें भी लोकलुभावन नारों और वादों से जनता को अपने पक्ष में करने की कोई कसर नहीं छोड़ रही है।
डॉ. गजबे ने यह भी कहा कि बिजली और अनाज मुफ्त में देने से जनता की मदद तो कम हो रही है, बल्कि राशन अनाज की कालाबाजारी बढ़ गई है। देश की मेहनतकश जनता को निठल्ला और आलसी बनाने का षडयंत्र सरकारों ने चला रखा है। इसके खतरनाक परिणाम भविष्य में देश को देखने पड़ सकते हैं।
डॉ. गजबे ने वर्षों से लंबित विदर्भ राज्य की मांग के मुद्दे पर भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र विदर्भ राज्य की घोषणा आम चुनाव से पूर्व की जाए, अन्यथा इसके दुष्परिणाम होंगे। जनता से धोखाधड़ी करने वाली राजनीतिक पार्टी का विदर्भ से सुपड़ा साफ हो जाएगा।
***
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें