पारशिवनी : पारडी में 50.50 लाख की अवैध रेत जब्त, दो ट्रक व पोकलेन भी बरामद
![]() |
| प्रतीकात्मक चित्र। |
@ कमल यादव |
पारशिवनी | तहसील के पारडी इलाके में रेत चोरी का बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। उनके पास से 1010 ब्रास अवैध रेत, दो ट्रक एवं एक पोकलेन जब्त की है। इस तरह करीब 1,20,50,000 रुपए का माल जब्त किया है। पुलिस सूचना कक्ष ने यह जानकारी दी।
पुलिस सूचना कक्ष के मुताबिक आरोपियों के नाम फूलचंद कश्यप (उम्र : 49 वर्ष, रहवासी- वलनी माइंस, सावनेर), महेश कोसरे (उम्र-36 वर्ष, रहवासी- कोराडी पांजरा, कामठी) एवं तबरेज सिद्दीकी (रहवासी- दहेगांव रंगारी) है। कश्यप और कोसरे रेत ढोने वाले ट्रकों के ड्राइवर एवं तबरेज मालिक है। पुलिस ने मुखबिर से मिली गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की।
बताया गया कि पुलिस ने दोनों ट्रकों को रोककर जांचा। ड्राइवरों से पूछताछ की। ड्राइवर रेत के संबंध में वैध दस्तावेज नहीं प्रस्तुत कर सके। दोनों ट्रकों में 5-5 ब्रास रेत रखी थी। आरोपियों ने पारडी के कन्हान घाट में भी करीब 1,000 ब्रास अवैध रेत जमा कर रखी थी। यह रेत पोकलेन की मदद से निकाली गई थी। पुलिस ने 1010 ब्रास रेत (कीमत : 50,50,000 रुपए), दो ट्रक (कीमत: 30,00,000 रुपए) एवं पोकलेन (कीमत: 40,00,000 रुपए) जब्त की है। इस तरह 1,20,50,000 रुपए का माल जब्त किया है।
पारशिवनी पुलिस स्टेशन में आरोपियों के खिलाफ भादंवि की धाराओं 379, 109, 34 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। मामले की शिकायत पुलिस हवलदार संदीप कडु ने की। आगे की जांच पुलिस उपनिरीक्षक शिवाजी मुंडे कर रहे हैं।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें