प्रश्नपत्र लीक केस : आरोपियों को पकड़ने पहुंचे पुलिस दल पर कुल्हाड़ियों से हमला

वैजापुर : इसी पुलिस स्टेशन की सीमा में भीड़ ने किया हमला। (फाइल फोटो)
@ सुनो सुनो नेटवर्क |
औरंगाबाद | मुंबई के पुलिस परीक्षा प्रश्नपत्र लीक मामले में शुक्रवार देर रात आरोपियों और उनके साथियों ने खूब उपद्रव मचाया। पुलिस की टीम आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए औरंगाबाद पहुंची थी। आरोपियों और उनके साथियों ने पुलिस की टीम पर कुल्हाड़ियों से हमला कर दिया। हमले में एक पुलिसकर्मी घायल हो गया। सूत्रों ने यह जानकारी दी।
सूत्रों के अनुसार मुंबई के दहिसर पुलिस थाने की टीम शुक्रवार देर रात 2 बजे औरंगाबाद जिले के वैजापुर कस्बे के संजरपुर पहुंची। टीम में दो पुलिस अफसर भी थे। टीम के साथ स्थानीय थाने के दो पुलिसकर्मी भी थे। संजरपुर में भीड़ जमा हो गई। भीड़ ने पुलिस टीम को अपशब्द कहने शुरू कर दिए। करीब 35 लोगों की भीड़ आक्रामक हो गई। उसने पुलिसकर्मियों पर कुल्हाड़ियों से हमला कर दिया। हमले में एक पुलिसकर्मी घायल हो गया।
बताया गया है कि स्थानीय पुलिस ने भादंवि की धारा 307 के तहत 10 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पुलिस परीक्षा प्रश्नपत्र लीक मामले के आरोपी वैजापुर में हैं। इसलिए, उन्हें पकड़ने के लिए टीम भेजी गई थी। लेकिन उन्होंने टीम पर हमला कर दिया। बता दें कि पुलिस परीक्षा प्रश्नपत्र लीक मामले में मुंबई में 5 प्राथमिकी दर्ज की गई हैं।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें