महाराष्ट्र : एमपीएससी टॉपर दर्शना पवार की हत्या के मामले में दोस्त गिरफ्तार
दर्शना पवार और राहुल हंडोरे (फाइल फोटो)
सुनो सुनो नेटवर्क |
पुणे | महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (एमपीएससी) टॉपर दर्शना पवार की हत्या के मामले में पुलिस ने गुरुवार को एक युवक को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार युवक राहुल हंडोरे (28) दर्शना का दोस्त है। सूत्रों ने यह जानकारी दी।
दर्शना महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (एमपीएससी) परीक्षा में सर्वाधिक अंक पाने वाले 10 परीक्षार्थियों में से एक थी। पता चला है कि आरोपी राहुल हंडोरे ने दर्शना को शादी का प्रस्ताव दिया था। दर्शना ने प्रस्ताव अस्वीकार कर दिया था। इसलिए राहुल ने दर्शना की हत्या कर दी। राहुल पुणे के वर्जे इलाके में रहता था। वह भी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। पुलिस ने उसे मुंबई से गिरफ्तार किया। उसने दर्शना की हत्या का गुनाह कबूल किया है।
पुलिस के अनुसार दर्शना का शव रविवार को राजगढ़ किले में मिला था। पोस्टमार्टम से हत्या की पुष्टि हुई। शव पर चोटों के निशान थे। दर्शना अहमदनगर जिले के कोपरगांव की निवासी थी। वह एक सम्मान कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पुणे गई थी। दो दिन बाद वह पुणे के नेरहे इलाके में अपनी मित्र के घर गई। दर्शना वहां से अगले दिन यह बोलकर निकली कि वह सिंहगढ़ किला जा रही है। लेकिन घर नहीं लौटी।
सिंहगढ़ रोड पुलिस थाने में पिता ने दर्शना के गुमशुदा होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। सूत्रों के अनुसार पुलिस को पता चला कि लापता होने से पहले दर्शना और राहुल साथ थे। दर्शना की मौत के बाद राहुल भी लापता हो गया था। इसलिए उस पर पुलिस का शक बढ़ा। जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि राहुल ने चंडीगड़ में एटीएम से 1,000 रुपए निकाले हैं, जिससे उसके फरार होने का संदेह हुआ। आखिरकार, राहुल के मुंबई में होने का पता चला। तब उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
*****
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें