कनाडा में इंदिरा गांधी की हत्या की झांकी निकाली, भारत ने जताई कड़ी आपत्ति
@ सुनो सुनो नेटवर्क |
नई दिल्ली | कनाडा में भारत की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या का जश्न मनाया गया। उनकी हत्या की झांकी निकाली गई। इस पर भारत ने कड़ी आपत्ति जताई है। ऑपरेशन ब्लू स्टार की 39वीं बरसी (6 जून) से कुछ दिन पहले कनाडा के ब्रैंपटन शहर में पांच किलोमीटर लंबी रैली की गई थी। रैली में चलती हुई गाड़ी पर इंदिरा गांधी की हत्या का दृश्य दिखाया गया था।
बता दें कि तत्कालीन भारतीय प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की 31 अक्टूबर 1984 को उनके दो सिख सुरक्षाकर्मियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इससे पहले जून 1984 में भारतीय सेना ने अमृतसर स्थित स्वर्ण मंदिर में आतंकियों के खिलाफ सैन्य कार्रवाई की थी।
भारत ने कनाडा के घटनाक्रम पर सख्त प्रतिक्रिया दी है। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा कि कनाडा में हुई यह घटना एक बड़ी समस्या से जुड़ी है। कनाडा लगातार अलगाववादियों, चरमपंथियों और हिंसा का समर्थन करने वालों को फलने-फूलने का मौका दे रहा है। हमें इसकी वजह समझ नहीं आती। सिवाए इसके कि ये वोट बैंक की जरूरत है। हमें लगता है कि ये आपसी रिश्तों और कनाडा के लिए ठीक नहीं है।
जयशंकर के बयान के बाद कांग्रेस नेता मिलिंद देवड़ा ने सोशल मीडिया पर कहा, 'ब्रैंपटन में हुए आयोजन पर विदेश मंत्री एस जयशंकर ने नाराजगी जाहिर की है। मैं उनके बयान का स्वागत करता हूं। ऐसे मौके पर जब हम दलगत राजनीति से ऊपर उठकर एक देश के तौर पर खड़े होते हैं तब वास्तव में भारत जीतता है।'
कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा, 'मैं मिलिंद देवड़ा की बात से सहमत हूं। यह बहुत निंदा करने योग्य घटना है। मैं एस जयशंकर से अपील करता हूं कि वे कनाडा के अधिकारियों के सामने मामले को मजबूती से रखें।'
कनाडा के उच्चायुक्त कैमरन मैके ने सोशल मीडिया पर लिखा, 'मैं कनाडा में आयोजित उस कार्यक्रम की खबरें सुनकर दंग हूं, जिसमें दिवंगत भारतीय प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या का जश्न मनाया गया है। कनाडा में नफरत और हिंसा के महिमामंडन की जगह नहीं है। मैं इस तरह की गतिविधियों की स्पष्ट रूप से निंदा करता हूं।'
बता दें कि भारत के पंजाब राज्य के बाद सिखों की सबसे ज्यादा आबादी कनाडा में है। इसी साल की शुरुआत में भारत ने कनाडा के उच्चायोग को तलब किया था। भारत ने कनाडा में खालिस्तान समर्थकों के विरोध प्रदर्शनों पर चिंता जाहिर की थी।
****


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें