मौदा, कन्हान, रामटेक में गोवंश का अवैध परिवहन, 22.17 लाख का माल जब्त
@ सुनो सुनो रिपोर्ट |
रामटेक | नागपुर ग्रामीण पुलिस की एलसीबी ने रामटेक, मौदा और कन्हान में चार स्थानों पर नाकाबंदी कर गोवंश के अवैध परिवहन पर कार्रवाई की। गाड़ियों में क्रूर तरीके से 60 गोवंश रखे गए थे। 60 गोवंश सहित 22.17 लाख रुपए का माल जब्त किया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार पहली कार्रवाई मौदा के वडोदा इलाके में की गई। यहां 13 गोवंश सहित एक पिकअप ट्रक जब्त किया गया। गोवंश की अनुमानित कीमत 1.30 लाख रुपए और पिकअप ट्रक की 5 लाख रुपए है।
दूसरी कार्रवाई मौदा के माथनी इलाके में की गई। यहां झाड़ियों में छुपाकर रखे गए 20 गोवंश जब्त किए गए हैं। इनकी अनुमानित कीमत 2 लाख रुपए है। इन गोवंश का परिवहन भी अवैध तरीके से करने की तैयारी थी। सभी गोवंश को जवाहर नगर स्थित गोशाला में भेजा गया है।
तीसरी कार्रवाई तारसा फाटा, कन्हान में की गई। यहां पुलिस ने एक पिकअप ट्रक रोका। गाड़ी सहित 14 गोवंश जब्त किए। गोवंश की अनुमानित कीमत 1.40 लाख रुपए एवं गाड़ी की 5 लाख रुपए है। यहां वाहन चालक से 15 हजार रुपए का मोबाइल भी जब्त किया गया।
चौथी कार्रवाई रामटेक में की गई। यहां नाकाबंदी कर पिकअप ट्रक सहित 13 गोवंश जब्त किए गए। पिकअप ट्रक की अनुमानित कीमत 6 लाख रुपए एवं गोवंश की 1.30 लाख रुपए है। जबकि 2 हजार का अन्य सामान भी जब्त किया गया है। इस तरह चार ठिकानों से करीब 22.17 लाख रुपए का माल जब्त किया गया। इनमें छह लाख रुपए के गोवंश शामिल हैं।
आरोपियों के खिलाफ महाराष्ट्र प्राणी संरक्षण अधिनियम की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई एलसीबी के पुलिस निरीक्षक ओमप्रकाश कोकाटे के मार्गदर्शन में सहायक पुलिस निरीक्षक अनिल राऊत एवं उनके सहयोगियों आशीष सिंह ठाकुर, विनोद काले, इकबाल शेख, मयूर ढेकले, वीरू नरड, रोहन डाखोरे, अमृत किंनगे, उमेश फुलबेल, आशीष मुंगले, किशोर वानखेड़े अभिषेक देशमुख ने की।
*****
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें