नागपुर : सीडीएस जनरल अनिल चौहान ने वायुसेना के अनुरक्षण कमान मुख्यालय का दौरा किया
नागपुर | चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल अनिल चौहान शनिवार को वायुसेना के अनुरक्षण कमान मुख्यालय पहुंचे। अनुरक्षण कमान के एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ एयर मार्शल विभास पांडे ने सीडीएस का स्वागत किया।
सीनियर मेंटेनेंस स्टाफ ऑफिसर एयर मार्शल सीआर मोहन ने सीडीएस को 'अनुरक्षण कमान की भूमिका, कार्य और आत्मनिर्भर पहल' पर एक प्रस्तुति दी। सीडीएस ने अधिकारियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का 'आत्मनिर्भर भारत' अभियान सामरिक क्षमता को रणनीतिक स्वायत्तता में बदलने का अहम तरीका है।
सीडीएस ने कहा कि उभरती चुनौतियों का सामना करने के लिए तीनों बलों को संयुक्त रूप से काम करने की आवश्यकता है। अधिक सहयोग, सूचना साझा करने और संसाधनों के अच्छे उपयोग के लिए बलों के उपयुक्त पुनर्गठन की भी जरूरत है।
सीडीएस ने 'समस्या विवरण और आत्मनिर्भरता योजना' विषय पर प्रदर्शनी भी देखी। उन्होंने आत्मनिर्भरता प्राप्त करने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उक्त जानकारी रक्षा-जनसंपर्क अधिकारी विंग कमांडर रत्नाकर सिंह ने दी।
*****



टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें