महाराष्ट्र : दसवीं में 93.83% विद्यार्थी पास; नागपुर पिछड़ा, पर गांव की बेटियां चमकीं
![]() |
| चेतना काले का सत्कार। |
पारशिवनी में चेतना काले की उल्लेखनीय उपलब्धि
सुनो सुनो टीम |
नागपुर | महाराष्ट्र राज्य माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने शुक्रवार को 10वीं कक्षा के परिणाम घोषित किए। इस बार 93.83 प्रतिशत विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए। यह पिछले साल की तुलना में 3 प्रतिशत कम है। इस बार भी लड़कियों ने बाजी मारी। परीक्षा में 95.87 प्रतिशत लड़कियां उत्तीर्ण हुईं। जबकि लड़कों का उत्तीर्ण प्रतिशत 92.05 प्रतिशत रहा।
संभागों में कोंकण संभाग प्रथम एवं नागपुर संभाग आखिरी स्थान पर रहा। कोंकण में 98.11 प्रतिशत, नागपुर में 92.05 प्रतिशत विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए। नागपुर संभाग मेंं गोंंदिया जिला प्रथम स्थान पर रहा। यहां का परीक्षा परिणाम 94.15 प्रतिशत रहा। जबकि 92.35 प्रतिशत के साथ नागपुर जिले ने चौथा स्थान हासिल किया।
नागपुर जिले की रामटेक तहसील का परीक्षा परिणाम 93.02 प्रतिशत रहा। तहसील में प्रोविडेंस स्कूल, मनसर की छात्रा खुशी सपकाल ने प्रथम स्थान हासिल किया। उन्होंने 94.40 प्रतिशत अंक हासिल किए। पारशिवनी तहसील में 92.08 प्रतिशत विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए। तहसील में बीकेसीपी स्कूल की छात्रा वैष्णवी सिंह ने प्रथम स्थान हासिल किया। वैष्णवी ने 94.20 प्रतिशत अंक हासिल किए।
पारशिवनी से केसरीमल पालीवाल विद्यालय की छात्रा चेतना गोपाल काले ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की। चेतना ने 92.40 प्रतिशत अंक हासिल किए। चेतना गुंडरी (वांढे) ग्राम की निवासी हैं। उसके माता-पिता कृषि करते है। परिवार की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं है। गांव में शिक्षा के लिए विशेष सुविधाएं भी नहीं है। इसके बावजूद चेतना ने बड़ी उपलब्धि हासिल की। पारशिवनी की वनपरिक्षेत्र अधिकारी शालिनी शिरपुरकर-खांबलकर एवं रागिणी फाउंडेशन के प्रमुख एड. प्रदीप खांबलकर ने चेतना का सत्कार किया। उसे उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
***


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें