सिल्लेवाड़ा : डब्ल्यूसीएल की भूमिगत खदान में आग, अधिकारी सहित 10 कामगार घायल
हादसे के बाद वलनी स्थित डब्ल्यूसीएल अस्पताल परिसर। (फोटो : सुनो सुनो)
@ एड. प्रदीप खांबलकर |
खापरखेड़ा (सावनेर) | सिल्लेवाड़ा की डब्ल्यूसीएल खदान में मंगलवार रात गंभीर हादसा हो गया। भूमिगत खदान में अचानक गैस रिसने लगी। इससे आग लग गई। आग से 10 कामगार झुलस कर घायल हो गए। इनमें एक अधिकारी और नौ कर्मचारी शामिल हैं। सूत्रों ने यह जानकारी दी।
सिल्लेवाड़ा भूमिगत खदान में तीन शिफ्ट में काम चलता है। सूत्रों के अनुसार हादसे के वक्त दूसरी शिफ्ट का काम चल रहा था। घायल कामगारों में चार की स्थिति गंभीर है। उन्हें नागपुर के अस्पताल में भेजा गया है। जबकि अन्य छह कामगारों को वलनी स्थित डब्ल्यूसीएल अस्पताल में भर्ती किया गया।
बताया जा रहा है कि घायल कामगारों में छह कामगार डब्ल्यूसीएल के स्थायी कर्मचारी हैं। जबकि चार कामगार डब्ल्यूसीएल में कार्यरत ठेका कंपनी के कर्मचारी हैं। यह भी कहा जा रहा है कि खदान का स्टॉपर गिरा। इससे कामगारों को चोट पहुंची। कुछ देर के लिए अफरातफरी मची रही।
खबर लिखे जाने तक डब्ल्यूसीएल की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं जारी किया गया था। 'सुनो सुनो' ने संबंधित विभाग से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं हो सकी।
बता दें कि सिल्लेवाड़ा की डब्ल्यूसीएल भूमिगत खदान में करीब 60 साल से कोयले का उत्पादन हो रहा है। करीब डेढ़ साल पहले भी खदान में इस तरह का हादसा हुआ था। शिकायतें रही हैं कि यहां कार्यरत ठेका कर्मचारियों को पर्याप्त सुरक्षा साधन नहीं उपलब्ध कराए जाते हैं।
****
Nice
जवाब देंहटाएं