मॉयल ने उत्पादन और बिक्री के रिकॉर्ड तोड़े, अप्रैल में शानदार प्रदर्शन
@ सुनो सुनो रिपोर्ट |
नई दिल्ली | मैंगनीज ओर इंडिया लिमिटेड (मॉयल) ने अप्रैल, 2023 में 1.31 लाख टन मैंगनीज अयस्क का उत्पादन किया। यह इसकी स्थापना के बाद से अप्रैल माह का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। यह अप्रैल 2022 की तुलना में 26 प्रतिशत की महत्वपूर्ण वृद्धि भी है। इसी तरह मॉयल ने अप्रैल महीने में बिक्री के पिछले रिकॉर्ड भी तोड़ दिए। इस बार अप्रैल में 97,838 टन की बिक्री हुई। यह अप्रैल, 2022 की तुलना में 72 प्रतिशत अधिक है। पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) ने यह जानकारी दी।
पीआईबी के अनुसार मॉयल ने अप्रैल 2023 में 7,530 मीटर की कोर ड्रिलिंग की। यह अप्रैल 2022 की तुलना में 3.6 गुना अधिक है। कंपनी ने वित्तीय वर्ष 2024 के दौरान ब्राउन-फील्ड और ग्रीन-फील्ड क्षेत्रों में खोज करने की महत्वाकांक्षी योजना बनाई है।
बताया गया है कि इलेक्ट्रोलाइटिक मैंगनीज डाईऑक्साइड (ईएमडी) का उत्पादन भी पिछले अप्रैल महीनों की तुलना में सर्वश्रेष्ठ रहा है। यह अप्रैल 2022 की तुलना में 6 प्रतिशत अधिक है। ईएमडी शत-प्रतिशत आयात प्रतिस्थापन उत्पाद है। इसका उपयोग अधिकतर फार्मास्यूटिकल्स और बैटरी के निर्माण के लिए किया जाता है। मॉयल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक अजीत कुमार सक्सेना ने इन उपलब्धियों पर मॉयल समूह को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में यह विकास यात्रा जारी रहेगी।
मॉयल लिमिटेड भारत सरकार के इस्पात मंत्रालय के प्रशासनिक नियंत्रण के तहत एक अनुसूची-ए, मिनिरत्न श्रेणी-I सार्वजनिक क्षेत्र का उपक्रम है। मॉयल देश में मैंगनीज अयस्क का सबसे बड़ा उत्पादक है, जो घरेलू उत्पादन में 45 प्रतिशत का योगदान देता है। यह महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश में 11 खदानों का संचालन करता है। इसका मुख्य कार्यालय नागपुर में है।
कंपनी ने 2030 तक उत्पादन को दोगुना से अधिक तीन मिलियन टन करने का महत्वाकांक्षी दृष्टिकोण अपनाया है। मॉयल गुजरात, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में भी व्यापार के अवसर खोज रहा है।
****


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें