भिवापुर पेट्रोल पंप मालिक हत्याकांड : बेटी ने ही दी थी कत्ल की सुपारी

@ सुनो सुनो रिपोर्ट |

भिवापुर | पेट्रोल पंप मालिक हत्याकांड के मुख्य सूत्रधार का पता लग गया है। पुलिस का दावा है कि बेटी ने ही पेट्रोल पंप मालिक के कत्ल की सुपारी दी थी। पुलिस सूचना कक्ष ने यह जानकारी दी।

पुलिस सूचना कक्ष  के मुताबिक यह हत्या 17 मई को सुबह करीब 10 बजे भिवापुर-नागभीड़ रोड परिसर में स्थित  भारत पेट्रोल पंप (पाटील पेट्रोल पंप) पर हुई थी। बदमाशों ने पेट्रोल पंप मालिक दिघोरी, नागपुर निवासी दिलीप सोनटक्के (60) की हत्या कर दी। सोनटक्के रात की बिक्री का हिसाब-किताब देखने के लिए पेट्रोल पंप कार्यालय में बैठे थे। तभी मोटरसाइकिल पर सवार तीन नकाबपोश बदमाश वहां पहुंचे। तीनों कार्यालय में घुसे। इनमें से एक बदमाश ने दिलीप सोनटक्के के पेट में कई बार चाकू घोंपा। दूसरे बदमाश ने सोनटक्के को बंदूक दिखाकर जान से मारने की धमकी दी।

बदमाशों ने वहां उपस्थित कर्मचारियों को भी धमकाया। उन्हें भाग जाने को कहा। बदमाशों ने एक कर्मचारी को घायल भी कर दिया। इससे अन्य कर्मचारी घबराकर कार्यालय से बाहर निकल गए। हत्या के बाद बदमाश उमरेड की ओर भाग गए। बदमाशों ने काउंटर पर रखी नकदी 1,34,000 भी लूट ली। बदमाशों ने चेहरा ढंका था। इसलिए कर्मचारी उन्हें नहीं पहचान पाए। 

भिवापुर पुलिस स्टेशन में भादंवि की धाराओं 302, 394, 397, 34 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। पुलिस ने जांच शुरू की। लेकिन हत्याकांड का रहस्य उजागर नहीं हो पा रहा था। हालांकि, पुलिस को शंका थी कि यह हत्या लूटपाट के लिए नहीं, बल्कि सुपारी देकर की गई थी। इसी आधार पर पुलिस ने अपनी जांच आगे बढ़ाई।

पुलिस अधीक्षक (नागपुर ग्रामीण) विशाल आनंद के आदेश पर स्थानीय अपराध शाखा एवं भिवापुर पुलिस स्टेशन की टीम जांच में जुटी। टीम को मृतक की बेटी प्रिया माहुरतले-सोनटक्के (35)  पर शक हुआ। पुलिस ने दो दिन उसकी जांच की। बेटी ने अपराध कबूल किया। युवती ने कहा कि उसके पिता को शराब पीने की बुरी लत थी। पिता का बाहरी महिला से अनैतिक संबंध था। इसी वजह से पिता उसे और उसकी मां को रोजाना शारीरिक एवं मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था। वह घरेलू हिंसा से परेशान हो गई थी। आरोपी युवती सर्वेश नगर, नागपुर की निवासी है।

बताया गया है कि इस हत्याकांड का मुख्य आरोपी शेख अफरोज (33)  बड़े ताजबाग परिसर का निवासी है। आरोपी युवती ने शेख अफरोज को पिता की हत्या की सुपारी दी थी। यह सौदा करीब पांच लाख रुपए में तय हुआ था। हत्या के बाद पूरी रकम दी जानी थी। पेट्रोल पंप, घर, आभूषण, खेत आदि संपत्ति आरोपी युवती के पिता के नाम पर थी।  युवती मान रही थी कि पिता की मौत के बाद सारी संपत्ति उसे और उसकी मां को मिल जाएगी। इसलिए उसने मुख्य आरोपी शेख अफरोज के हाथों पिता की हत्या करा दी। इसके लिए पूरी योजना बनाई।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक (नागपुर ग्रामीण) विशाल आनंद एवं अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. संदीप पखाले के मार्गदर्शन में की गई। स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक ओमप्रकाश कोकाटे, भिवापुर के थानेदार जयपालसिंह गिरासे, सहायक पुलिस निरीक्षक शरद भस्मे एवं उनकी टीम ने कार्रवाई पूरी की।

****


टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें

सबसे ज्यादा लोकप्रिय

रामटेक से महायुति के उम्मीदवार आशीष जैस्वाल जीते

नागपुर : स्कूल बस पलटी, छात्रा की मौत, कई विद्यार्थी घायल

सावनेर से महायुति के उम्मीदवार आशीष देशमुख जीते

कामठी से महायुति के उम्मीदवार चंद्रशेखर बावनकुले जीते

महाराष्ट्र : शिंदे ने कहा- मोदी जिसे मुख्यमंत्री बना दें, हमारी तरफ से कोई अड़ंगा नहीं...

उत्तर नागपुर से महाविकास आघाड़ी के उम्मीदवार डॉ. नितिन राउत जीते