नागपुर ग्रामीण पुलिस ने हाइवे पर लूटपाट करने वाले गिरोह के सदस्य को केरल में दबोचा
@ सुनो सुनो रिपोर्ट |
नागपुर ग्रामीण पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग (नेशनल हाइवे) पर लूटपाट करने वाले गिरोह के एक सदस्य को केरल में जाकर गिरफ्तार किया है। पुलिस सूचना कक्ष ने यह जानकारी दी।
पुलिस सूचना कक्ष के मुताबिक सोलापुर जिले के हरवटवाडी गांव के निवासी विक्रम इंगाेले अपने रिश्तेदारों और मित्रों के साथ कार में सवार होकर नाशिक से रायपुर जा रहे थे। कार 7 जनवरी को रात करीब 12:25 बजे मौदा के बोरगांव पहुंची। वहां राष्ट्रीय राजमार्ग पर चार लोगों ने कार रुकवाई। उन लोगों ने लाठियों और लोहे की रॉड से कार पर हमला बोल दिया। चारों बदमाशों ने कार में सवार लोगों से मारपीट की। उनसे मोबाइल फोन और नकद 13,000 रुपए छीन लिए। साथ ही ब्रेजा कार छीनकर वहां से भाग गए।
मौदा पुलिस स्टेशन में यह मामला दर्ज किया गया। नागपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक विशाल आनंद ने घटना पर गंभीरता से ध्यान दिया। उन्होंने पुलिस निरीक्षक ओमप्रकाश कोकाटे के नेतृत्व में आरोपियों को खोजने के लिए टीम बनाई। टीम ने जांच शुरू की। पता चला कि आरोपियों ने लूटपाट के लिए लाल रंग की स्विफ्ट कार का इस्तेमाल किया था। उन्होंने कार के डैशबोर्ड पर लॉफिंग बुद्धा की मूर्ति रखी थी। यह पुलिस के लिए महत्वपूर्ण सुराग साबित हुआ।
पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज में उक्त कार को खोजना शुरू किया। इससे संदिग्ध कार मालिक की जानकारी मिली। जांच में आनंद मार्टिन नामक शख्स पर पुलिस का ध्यान गया। मार्टिन केरल व कर्नाटक में रहता था। उसी के आधार पर केरल और कर्नाटक में आरोपी की खोज शुरू की गई। आरोपी 16 जनवरी को केरल के वायनाड जिले के सुलथान बाथेरी गांव में मिला। पुलिस ने वहां जाकर आरोपी आनंद मार्टिन (25) को गिरफ्तार किया। उसने अपने साथियों संतोष चंद्रन (30) एवं अन्य की जानकारी पुलिस को दी है। सभी केरल के रहने वाले हैं। पुलिस ने आरोपी के पास से कार, मोबाइल सहित 5,80,000 रुपए का माल जब्त किया है। आरोपी को मौदा पुलिस स्टेशन को सौंप दिया गया है।
यह कार्रवाई नागपुर ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक विशाल आनंद व अपर पुलिस अधीक्षक डाॅ. संदीप पखाले के मागदर्शन में की गई। कार्रवाई करने वाली टीम में पुलिस निरीक्षक ओमप्रकाश काेकाटे, सहायक पुलिस निरीक्षक अनिल राऊत एवं पुलिसकर्मी जितेंद्र वैरागडे, राजीव कर्मलवार, आशीष सिंह ठाकुर, ज्ञानेश्वर राऊत, विनोद काले, गजेंद्र चाैधरी, मिलिंद नांदुरकर, इकबाल शेख, अरविंद भगत, रोशन काले, पुलिस नायक आशी मुंगले, उमेश फुलबेले, किशोर वानखेड़े, रोहन डाखोरे, वीरेंद्र नरड, विपिन गायधने, बालाजी साखरे, सतीश राठोड, संगीता वाघमारे, अमोल कुथे, मुकेश शुक्ला, आशुतोष लांजेवार शामिल थे।
*****
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें