गुजरात विधानसभा चुनाव : भाजपा की भव्य जीत, पुल हादसे वाले मोरबी में भी परचम लहराया

अमित शाह, नरेंद्र मोदी, भूूपेंद्र पटेल (फाइल फोटो)

@ सुनो सुनो नेटवर्क |

गुजरात विधानसभा चुनाव में भाजपा ने भव्य जीत हासिल की है। भाजपा ने 156 सीटें जीतीं। इसके साथ ही उसने जीत का नया रिकॉर्ड बना दिया। कांग्रेस ने 1985 में माधव सिंह सोलंकी की अगुआई में 149 विधानसभा सीटें जीती थीं। वहीं, नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री रहते हुए भाजपा ने 2002 में 127 सीटें जीती थीं। इस नई जीत के साथ भाजपा ने दोनों रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। अब भूपेंद्र पटेल पुन: मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। पटेल भी ​​​​​घाटलोडिया सीट से चुनाव जीत गए हैं। 

विशेष बात यह है कि भाजपा ने मोरबी में भी जीत हासिल की है। यह वही मोरबी है, जहां भीषण पुल हादसा हुआ था, जिसमें 143 लोगों की मौत हुई थी। इसलिए एक वर्ग मान रहा था कि मोरबी पुल हादसा गुजरात विधानसभा चुनाव को प्रभावित करेगा। इस हादसे के कारण भाजपा को कई सीटों पर हार मिल सकती है। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। गुजरात के वोटरों ने भाजपा को रिकॉर्ड सीटों से जीत नवाजी। यहां तक कि मोरबी  में भी भाजपा जीत गई। मोरबी में पहले फेज में 1 दिसंबर को वोटिंग हुई थी। चुनाव से एक महीने पहले 30 अक्टूबर को यहां मच्छू नदी पर बना फुट ब्रिज टूट गया था। बाद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हादसा स्थल पर मुआयना करने गए थे। 

मोरबी से भाजपा के कांतिलाल अमृतिया ने जीत दर्ज की है। उन्होंने कांग्रेस के जयंती जेराजभाई पटेल को 61,196 वोटों से हराया। अमृतिया भाजपा की टिकट पर मोरबी से पांच बार जीत चुके हैं। कहा जा रहा है कि मोरबी में पुल टूटने के तुरंत बाद अमृतिया बचाव कार्य में जुटे थे। इसलिए इस बार भी जनता ने उन्हें जिताया। 

बहरहाल, गुजरात की 182 विधानसभा सीटों में से भाजपा ने 156 सीटें जीती हैं। उसे 2017 के मुकाबले 58 सीटों का फायदा हुआ है। वहीं, कांग्रेस को सबसे ज्यादा 60 सीटों का नुकसान हुआ है। पार्टी ने पिछली बार 77 सीटें जीती थीं। इस बार उसे 17 सीटें ही मिली हैं। आम आदमी पार्टी (आप) ने 5 और अन्य ने 4 सीटें जीती हैं। आप के ​​​​तीनों बड़े नेता चुनाव हार गए हैं। इनमें मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार इसुदान गढ़वी, प्रदेश अध्यक्ष गोपाल इटालिया और पाटीदार नेता अल्पेश कथीरिया शामिल हैं। इसके बावजूद वोट शेयर के आधार पर आप को राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा मिल गया है। अब पार्टी पूरे देश में अपने नाम और चुनाव चिन्ह के साथ लड़ सकेगी। 

असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम ने पहली बार गुजरात विधानसभा चुनाव में हिस्सा लिया था। इसने कुल 13 में से 2 हिंदू उम्मीदवार भी चुनाव मैदान में उतारे थे। लेकिन पार्टी के सभी उम्मीदवार चुनाव हार गए हैं।

*****


टिप्पणियाँ

सबसे ज्यादा लोकप्रिय

रामटेक से महायुति के उम्मीदवार आशीष जैस्वाल जीते

नागपुर : स्कूल बस पलटी, छात्रा की मौत, कई विद्यार्थी घायल

सावनेर से महायुति के उम्मीदवार आशीष देशमुख जीते

कामठी से महायुति के उम्मीदवार चंद्रशेखर बावनकुले जीते

महाराष्ट्र : शिंदे ने कहा- मोदी जिसे मुख्यमंत्री बना दें, हमारी तरफ से कोई अड़ंगा नहीं...

जिला परिषद पर सरकार के 65.26 करोड़ बकाया : यादव