सावनेर और मौदा में रेत चोरों पर कार्रवाई, पहले मामले में आरोपी गिरफ्तार, दूसरे में फरार
@ सुनो सुनो रिपोर्ट |
नागपुर की सावनेर और मौदा तहसीलों में रेत चोरों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। सावनेर के मामले में आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। जबकि मौदा के मामले में आरोपी फरार है। पुलिस सूचना कक्ष ने यह जानकारी दी।
पुलिस सूचना कक्ष के मुताबिक पुलिस ने सावनेर में वेलतूर फाटा के पास एक ट्रैक्टर-ट्राली को रोका। इसमें रेत भरी थी। इसका परमिट आरोपी सलीम शेख (43) के पास नहीं था। आरोपी पाटणसावंगी का रहने वाला है। ट्रैक्टर-ट्राली वेलतूर से पाटणसावंगी जा रही थी। पुलिस ने आरोपी से एक ब्रास रेत (कीमत 5,000 रुपए) और ट्रैक्टर-ट्राली (कीमत 4,50,000 रुपए) जब्त की है। कुल 4,55,000 रुपए का माल जब्त किया है। सावनेर पुलिस स्टेशन में आरोपी के खिलाफ भादंवि की धारा 379 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया है।
दूसरा मामला मौदा तहसील के ईजनी इलाके का है। यहां पुलिस ने एक ब्रास रेत सहित ट्रैक्टर जब्त किया है। ट्रैक्टर की कीमत 3,00,000 रुपए बताई जा रही है। आरोपी का नाम महादेव झंझाड (32) है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। उसके खिलाफ अरोली पुलिस स्टेशन में भादंवि की धारा 379 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
*****


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें