नागपुर : डुमरी में ओवरब्रिज की दीवार से टकराई बस, संस्कृत विद्यापीठ-रामटेक के अधिकारी की मौत
![]() |
| कैलास मून (फाइल फोटो) |
नागपुर की पारशिवनी तहसील के डुमरी में शुक्रवार को एक बस बेकाबू होकर ओवरब्रिज की दीवार से जा टकराई। हादसे मेें कवि कुलगुरु कालिदास संस्कृत विद्यापीठ-रामटेक के एक अधिकारी की मौत हो गई। जिस ओवरब्रिज पर यह हादसा हुआ, वह कन्हान पुलिस स्टेशन की सीमा में नागपुर-जबलपुर हाइवे पर है।
सूत्रों के अनुसार सुबह करीब 8:30 बजे कवि कुलगुरु कालिदास संस्कृत विद्यापीठ-रामटेक के कर्मचारी और अधिकारी बस में सवार होकर नागपुर से रामटेक जा रहे थे। बस सुबह करीब 9:40 बजे डुमरी प्लॉय ओवरब्रिज रोड पर पहुंची। तभी बस बेकाबू होकर ओवरब्रिज की दीवार से जा टकराई। बस में विद्यापीठ के प्रभारी वित्त व लेखा अधिकारी कैलास मून (57) भी थे। कहा जा रहा है कि उन्होंने हड़बड़ाहट में दरवाजा खोलकर बस से उतरने की कोशिश की। इससे वे भी ओवरब्रिज की दीवार से टकरा गए, जिससे उनकी छाती और हाथ में गंभीर चोट आई।
मून को गंभीर हालत में रामटेक के शीतलवाड़ी स्थित किमया हॉस्पिटल में लाया गया। किमया हॉस्पिटल के डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद मून को नागपुर के शासकीय मेडिकल कॉलेज-अस्पताल में रेफर किया। इस अस्पताल के आकस्मिक विभाग में मून को भर्ती किया गया। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मून नागपुर के ओमकार नगर में रहते थे।
सूचना मिलते ही कन्हान पुलिस स्टेशन की टीम दुर्घटना स्थल पहुंची। पंचनामा किया। आरोपी बस चालक बनवारीलाल सोनवने (65) के खिलाफ भादंवि की धारा 304 अ के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। वह नागपुर के रानी दुर्गावती चौक का निवासी है। उधर, हादसे के बाद विद्यापीठ परिसर में दिनभर शोक का वातावरण रहा।
*****


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें