रामटेक : ग्रामीणों का आरोप- चारगांव में अवैध तरीके से सुरक्षा दीवार बना रही थी मॉयल

गज्जू यादव ने रुकवाया निर्माण, जिलाधिकारी को लिखा पत्र


@ सुनो सुनो रिपोर्ट |

रामटेक के खैरी बिजेवाड़ा ग्राम पंचायत के अंतर्गत मौजा चारगांव में वन और राजस्व विभाग की जमीन पर अवैध कब्जा करने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि मॉयल लिमिटेड (मैंगनीज ओर इंडिया लिमिटेड) यहां अवैध तरीके से सुरक्षा दीवार बना रही थी। इस बात की सूचना स्थानीय लोगों ने पंचायत समिति रामटेक के पूर्व उपसभापति उदयसिंह उर्फ गज्जू यादव को दी। गज्जू यादव मौके पर पहुुंचे। उन्होंने मॉयल लिमिटेड की मनसर खदान के मैनेजर और सर्वेयर को मौके पर बुलाकर सुरक्षा दीवार का निर्माण रुकवाया।


गज्जू यादव ने उक्त जमीन को लेकर जिलाधिकारी को पत्र भी लिखा है। पत्र में कहा गया है कि ग्राम पंचायत खैरी बिजेवाड़ा अंतर्गत मौजा- चारगांव, मौजा-खैरी क्षेत्र ब्रिटिश काल में मध्य प्रांत का हिस्सा था। तब यहां सीपी एंड बेरार कंपनी की मैंगनीज उत्पादन खदान थी। स्वतंत्रता के बाद केंद्र सरकार ने इस्पात मंत्रालय की स्थापना की। इसके तहत मैंगनीज ओर इंडिया लिमिटेड कंपनी की स्थापना भी की गई। सीपी एंड बेरार कंपनी की बंद खदानों पर कब्जा कर मैंगनीज ओर इंडिया लिमिटेड ने उत्पादन शुरू किया। यही नहीं, मैंगनीज ओर इंडिया लिमिटेड बिना अनुमति के वन और राजस्व विभागों एवं निजी जमीनों पर भी कब्जा कर उत्पादन करती रही है। कुछ दिनों पहले मैंगनीज ओर इंडिया लिमिटेड ने इस क्षेत्र में सुरक्षा दीवार का निर्माण शुरू किया था। इस दौरान मॉयल ने स्थानीय लोगों के आवागमन के मार्ग और रहवासी क्षेत्रों पर कब्जा करने का प्रयास किया है। इससे नागरिकों में रोष है।

गज्जू यादव ने जिलाधिकारी से मांग की है कि वे उक्त विषय पर गुरुवार, 10 नवंबर 2022 को ग्राम पंचायत खैरी बिजेवाड़ा में राजस्व, खनिकर्म, भूमि अभिलेख और वन विभाग के संबंधित अधिकारियों की बैठक आयोजित कराएं। मॉयल के भारत सरकार के राजपत्र में मंजूर लीज क्षेत्र-भूमापन क्रमांक की जांच हो। मॉयल सर्वेयर और भूमि अभिलेख विभाग संयुक्त रूप से जमीन की संयुक्त माप करें। राज्य शासन अधिकृत भूमि अभिलेख विभाग की ओर से भी मॉयल का लीज सीमा क्षेत्र निर्धारित की जाए। साथ ही लीज क्षेत्र के बाहर वन विभाग और राजस्व विभाग के उपयोग की जमीन शासन कब्जे में ले। यह जमीन स्थानीय ग्राम पंचायत को सार्वजनिक उपयोग के लिए दी जाए।

****

टिप्पणियाँ

सबसे ज्यादा लोकप्रिय

महाराष्ट्र : शिंदे ने कहा- मोदी जिसे मुख्यमंत्री बना दें, हमारी तरफ से कोई अड़ंगा नहीं...

आचार संहिता : ‘लाडकी बहिन’ योजना के अग्रिम भुगतान पर रोक!

महाराष्ट्र : 12 जिला परिषदों और 125 पंचायत समितियों के चुनाव 5 फरवरी को

अंतरराष्ट्रीय स्पर्धा में रामटेक के सोनू बेठेकर को यश

देश : शिक्षक दिवस पर प्रधानमंत्री की घोषणा- 14,500 'पीएम श्री स्कूल' विकसित किए जाएंगे

नवरात्र पर कविता : सरस्वती ने शील तो/ लक्ष्मी ने वैभव दे दिया/ शक्ति दुर्गा कालिका से/ क्षमा पृथ्वी से लिया