लॉरेंस बिश्नोई गैंग की धमकी के बाद अभिनेता सलमान खान को अब वाई प्लस सुरक्षा
![]() |
| सलमान खान (फाइल फोटो) |
@ सुनो सुनो नेटवर्क |
महाराष्ट्र सरकार ने मंगलवार को अभिनेता सलमान खान की सुरक्षा बढ़ा दी। सलमान को अब मौजूदा एक्स श्रेणी की जगह वाई प्लस सुरक्षा मिलेगी। राज्य सरकार ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग की धमकी के बाद यह फैसला लिया है। इस गैंग ने पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के कुछ दिनों बाद सलमान और उनके पिता सलीम खान को भी जान से मारने की धमकी दी थी।
सूत्रों के मुताबिक सलीम खान की सुरक्षा टीम को धमकी भरा पत्र सलमान के मुंबई स्थित घर के पास से मिला था। इस रास्ते से सलीम खान हर रोज सुबह सैर करने के लिए जाते थे। धमकी भरे पत्र के बाद सलमान ने मुंबई पुलिस को अर्जी देकर अपनी सुरक्षा के लिए हथियार के लाइसेंस की मांग की थी।
![]() |
| ADVT |
पिछले महीने दिल्ली पुलिस ने भी सलमान खान की हत्या की कथित साजिश से जुड़े मामले की जानकारी दी थी। पुलिस ने दावा किया था कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सदस्यों ने सलमान खान के फार्म हाउस के कर्मचारियों से दोस्ती करने की कोशिश की थी। उनसे सलमान के आने और जाने के समय की जानकारी मांगी थी।
जानिए- क्या हैं विभिन्न श्रेणियों की सुरक्षा :
जेड श्रेणी की सुरक्षा में सुरक्षाकर्मियों की संख्या 22 होती है। इस श्रेणी में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवान और अधिकारी सुरक्षा में लगाए जाते हैं। इस श्रेणी की सुरक्षा में एस्कॉर्ट और पायलट वाहन भी दिए जाते हैं। वाई श्रेणी में यह संख्या घटकर 11 हो जाती है। इनमें दो पर्सनल सिक्योरिटी ऑफीसर्स (पीएसओ) शामिल होते हैं।
वाई-प्लस श्रेणी में एक एस्कॉर्ट वाहन, निजी सुरक्षाकर्मी के अतिरिक्त आवास पर एक गार्ड कमांडर और चार गार्ड तैनात रहते हैं। इन गार्डों में एक सब-इंस्पेक्टर रैंक का अधिकारी होता है। जबकि तीन अन्य सुरक्षाकर्मियों के पास स्वचालित हथियार होते हैं। यही सुरक्षा अब सलमान को दी जाएगी। वहीं, एक्स कैटगरी में दो सुरक्षाकर्मी तैनात होते हैं। इनमें एक पीएसओ शामिल होता है।
****


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें