यूपी : कानपुर में भीषण सड़क हादसा, ट्रैक्टर ट्रॉली तालाब में गिरी, 25 लोगों की मौत, कई घायल
@ सुनो सुनो नेटवर्क|
उत्तर प्रदेश के कानपुर में शनिवार को ट्रैक्टर ट्रॉली तालाब में गिरने से 25 लोगों की मौत हो गई। जबकि कई लोग घायल हो गए। दुर्घटना घाटमपुर इलाके में हुई। श्रद्धालुओं को लेकर आ रही ट्रैक्टर ट्रॉली एक गांव के पास पलट कर तालाब में गिर गई।
हादसे में मरने वालों का आंकड़ा बढ़ सकता है। हादसे का कारण अभी तक नहीं पता चला है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर ट्रॉली में करीब 50 लोग सवार थे। ये लोग फतेहपुर के चंद्रिका देवी मंदिर से मुंडन कार्यक्रम के बाद घाटमपुर लौट रहे थे। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर दुख जताया है। उन्होंने अधिकारियों को युद्ध स्तर पर राहत कार्य करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री योगी ने लोगों से अपील की है कि वे ट्रैक्टर ट्रॉली का इस्तेमाल केवल माल की ढुलाई के लिए करें। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, ट्रैक्टर ट्रॉली का इस्तेमाल केवल खेती और माल की ढुलाई के काम के लिए करें, न कि सवारियों को ले जाने के लिए।
राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मु ने सोशल मीडिया पर लिखा, 'कानपुर में हुए सड़क हादसे में कई लोगों की मृत्यु के समाचार से बहुत व्यथित हूं। मैं घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी दुर्घटना पर दुख जताया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि उनकी संवेदना उन लोगों के साथ हैं, जिन्होंने अपनों को इस हादसे में खो दिया है। उन्होंने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों के लिए दो लाख और घायलों के लिए 50 हजार रुपए की आर्थिक मदद की घोषणा भी की। गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी हादसे पर दुख जताया है।
***


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें