नागपुर : उमरेड में खड़े ट्रक से टकराई इनोवा कार, ड्राइवर की मौत, यात्री घायल
@ सुनो सुनो रिपोर्ट |
नागपुर की उमरेड तहसील के चक्रीघाट हेटी इलाके में इनोवा कार खड़े ट्रक (ट्रेलर) से जा टकराई। इस घटना में कार ड्राइवर की मौत हो गई। जबकि कार में सवार यात्री घायल हो गए। अंधेरा होने के बावजूद ट्रक को लापरवाह तरीके से खड़ा किया गया था। पुलिस सूचना कक्ष ने यह जानकारी दी।
पुलिस सूचना कक्ष के मुताबिक इनोवा कार प्रशांत खरात (41) चला रहे थे। खरात महाल नागपुर के निवासी थे। वे कार में सवारी लेकर उमरेड से नागपुर लौट रहे थे। इसी दौरान चक्रीघाट हेटी इलाके में वीआईटी काॅलेज के पास कार ट्रक से जा टकराई। हादसे में खरात की मौत हो गई। जबकि कार में सवार यात्री घायल हो गए। घायल यात्रियों की संख्या नहीं पता चल सकी है।
पुलिस का कहना है कि ट्रक का पिछला टायर फूट गया था। अंधेरा होने के बावजूद ट्रक सुरक्षित ढंग से नहीं खड़ा किया गया था। उमरेड पुलिस स्टेशन में ट्रक ड्राइवर परविंदर सिंह सैनी (58) के खिलाफ भादंवि की धाराओं 283, 337, 304 के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी ट्रक ड्राइवर विनोबा भावे नगर, नागपुर का निवासी है।
घटना की रिपोर्ट हवलदार आशीष खोडे ने दर्ज कराई। आरोपी को सूचना-पत्र देकर छोड़ दिया गया है। आगे की जांच पुलिस उपनिरीक्षक श्री खोब्रागडे कर रहे हैं।
****


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें