लातूर : उदगीर रोड पर कार और बस में भीषण टक्कर, 5 श्रद्धालुओं की मौत, 10 घायल
@ संजय बुच्चे |
लातूर जिले के लोहारा गांव में कार और एसटी बस की टक्कर में पांच श्रद्धालुओं की मौत हो गई। ये सभी कार में सवार थे। घटना में 10 लोग घायल हो गए हैं। इनमें से एक युवती की हालत गंभीर है, जो कार में सवार थी। अन्य घायल बस में सवार थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना लोहारा गांव में लातूर-उदगीर रोड पर हुई। यहां कार और एसटी बस की आमने-सामने से टक्कर हो गई। कार में छह लोग सवार थे। इनमें से पांच लोगों की मौत हो गई। जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती किया गया है। वाहनों की टक्कर इतनी भीषण थी कि कार 30 फीट नीचे गड्ढे में गिर गई। कार को क्रेन की सहायता से ऊपर लाया गया।
बताया गया है कि उदगीर तहसील के एक अस्पताल के छह कर्मचारी कार से तुलजापुर गए थे। वे मां तुलजा भवानी मंदिर से दर्शन कर तड़के लौट रहे थे। तभी हादसा हो गया। सूचना मिलने के बाद उपविभागीय पुलिस अधिकारी डेनियल जॉन बेन, पुलिस निरीक्षक दीपक कुमार वाघमारे, पीएसआई तानाजी चेरले घटना स्थल पहुंचे। उदगीर ग्रामीण पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है। घटना के बाद परिसर में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई थी।
मृतकों के नाम आलोक खेडकर (संत कबीर नगर, उदगीर), अमोल देवक्तते (रावणकोला, जलकोट), कोमल कोदरे (दोरणाल, मुखेड़), यशोमती देशमुख (यवतमाल), नागेश गुंडेवार (उदगीर) है। इस सभी की उम्र 22-25 साल बताई जा रही है। प्रियंका बनसोडे (गोपाल नगर, उदगीर) गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें लातूर शहर के अस्पताल में भर्ती किया गया है। बस में सवार घायलों के नाम श्रीराम विजयनगरकर (50), शंकुतला चवले (70), लक्ष्मीबाई महालिंगे (65), नीलेश केंद्रे (13), माया गायकवाड (35), किरण गायकवाड (27), बालाजी महालिंगे (45), त्रयंबक मानकरे (55), पद्मिनी त्रयंबक मानकरे (50), विजयकुमार गायकवाड (36) हैं।
***



टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें