नाशिक : ट्रक से टकराने के बाद बस जलकर खाक, 12 लोगों की मौत, 43 घायल
@ सुनो सुनो नेटवर्क |
नाशिक में शनिवार सुबह ट्रेलर ट्रक से भीषण टक्कर के बाद निजी बस में आग लग गई। हादसे में दो साल के बच्चे सहित 12 लोगों की मौत हो गई और 43 अन्य घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसा सुबह करीब सवा पांच बजे नाशिक-औरंगाबाद राजमार्ग पर नांदूर नाके के पास हुआ। तब यवतमाल से मुंबई जा रही स्लीपर कोच निजी बस एक ट्रेलर ट्रक से टकरा गई। ट्रक से टक्कर के बाद बस ने एक मिनी वैन को भी टक्कर मार दी, जिससे वह पलट गई।
हादसे में मरने वाले सभी 12 लोग बस में सवार थे। शव बुरी तरह जल गए हैं। इसलिए केवल पांच की पहचान की जा सकी है। बाकी की पहचान के लिए डीएनए परीक्षण किया जाएगा। घायलों को नाशिक के जिला सिविल अस्पताल और कुछ अन्य निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना के बाद बस और ट्रक चालक मौके से फरार हो गए।
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस, दमकल और अन्य एजेंसियां घटनास्थल पहुंचीं। बचाव अभियान शुरू किया। आग बुझाई। हालांकि, हादसे में बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई। आग इतनी भीषण थी कि राहत दल कुछ वक्त तक यात्रियों को बचाने के लिए कुछ नहीं कर पाया और बेबस खड़े देखते रहा।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने दुर्घटनास्थल का दौरा किया। विस्तृत जांच के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को नाशिक शहर और राज्य के बाकी हिस्सों में दुर्घटना संभावित स्थलों की पहचान करने के लिए सर्वेक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। शिंदे ने प्रत्येक मृतक के परिजन को पांच-पांच लाख रुपए की वित्तीय सहायता देने की घोषणा की।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे में जनहानि पर दुख जताया। प्रधानमंत्री ने कहा कि मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपए की अनुग्रह राशि और घायलों में से प्रत्येक को 50,000 रुपए दिए जाएंगे।
*****


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें