महाराष्ट्र : महाविकास आघाड़ी के कई नेताओं की सुरक्षा श्रेणी में फेरबदल, उद्धव ठाकरे की नहीं बदली
![]() |
उद्धव ठाकरे (फाइल फोटो) |
@ सुनो सुनो नेटवर्क |
महाराष्ट्र सरकार ने विपक्षी गठबंधन महाविकास आघाड़ी के कई नेताओं के वर्गीकृत सुरक्षा कवर को हटा दिया है। लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की सुरक्षा को बरकरार रखा है। इन नेताओं पर खतरे की स्थिति का आकलन करने के बाद यह कदम उठाया गया है। सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
महाविकास आघाड़ी पहले राज्य में सत्ता में थी। इसमें शिवसेना, कांग्रेस और राकांपा शामिल थे। सूत्रों के अनुसार पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे, उनके परिवार के सदस्यों, राकांपा अध्यक्ष शरद पवार, उनकी बेटी एवं सांसद सुप्रिया सुले सहित उनके परिजनों की सुरक्षा बरकरार रखी गई है। वहीं जयंत पाटील, छगन भुजबल और जेल में बंद अनिल देशमुख जैसे नेताओं की सुरक्षा को वापस ले लिया गया है।
![]() |
ADVT |
सूत्रों ने कहा कि राकांपा विधायक जितेंद्र आव्हाड की सुरक्षा यथावत रखी गई है। जबकि शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के सचिव मिलिंद नार्वेकर को ‘वाई-प्लस-सुरक्षा’ कवर दिया गया है। नार्वेकर उद्धव ठाकरे के विश्वसनीय सहयोगी माने जाते हैं। विधानसभा में विपक्ष के नेता अजित पवार और पूर्व गृह मंत्री दिलीप वलसे पाटिल (दोनों राकांपा) को ‘वाई-प्लस-एस्कार्ट’ दिया गया है।
बताया गया है कि नवाब मलिक, अनिल देशमुख, विजय वडेट्टीवार, बालासाहेब थोरात, नाना पटोले, भास्कर जाधव, सतेज पाटील, धनजय मुंडे, सुनील केदार, नरहरि जिरवाल और वरुण सरदेसाई जैसे नेताओं के वर्गीकृत कवर को हटा दिया गया है। कांग्रेस नेता अशोक चव्हाण और पृथ्वीराज चव्हाण (दोनों पूर्व मुख्यमंत्री) को ‘वाई’ श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की गई है।
*****
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें