लातूर : सोमय मुंडे ने जिला पुलिस अधीक्षक का पदभार संभाला, निखिल पिंगले की विदाई
@ संजय बुच्चे|
साल 2016 बैच के आईपीएस अधिकारी साेमय मुंडे ने लातूर जिले के पुलिस अधीक्षक का पदभार संभाल लिया है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक निखिल पिंगले से पदभार ग्रहण किया।
पुलिस अधीक्षक मुंडे ने गडचिरोली जिले में नक्सलियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया था। उनके नेतृत्व में गडचिरोली के पुलिस बल ने 26 नक्सलियों को मार गिराया था। मुंडे मूल रूप से नांदेड़ जिले के देगलूर के रहने वाले हैं। उन्होंने आईआईटी मुंबई से एमटेक की डिग्री हासिल की है। वे वैजापुर, अमरावती में भी पदस्थ रह चुके हैं। पद संभालने के बाद उन्होंने लातूर शहर के विवेकानंद चौक पुलिस स्टेशन का दौरा किया।
इससे पहले लातूर जिले के पुलिस अधीक्षक निखिल पिंगले को विदाई दी गई। पिंगले का गोंदिया तबादला हो गया है। इस अवसर पर पिंगले ने कहा, 'लातूर जिले का शिक्षा और व्यापार के क्षेत्र में अहम योगदान है। मुझे दो साल इस जिले में काम करने का मौका मिला। मैंने हमेशा कार्य को ही महत्व दिया। कार्य ही इंसान की पहचान है। मैंने अपने तबादले के लिए दो जिलों के नाम दिए थे। लेकिन मुझे गोंदिया जिले में तैनाती मिली है। तबादले होते रहते हैं। आज नहीं तो कल सभी को दूसरे स्थान पर जाकर कर्तव्य पूरा करना होता है। पिंगले ने मीडिया को सहयोग के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि लातूर के पत्रकार जानते हैं कि क्या लिखना या बोलना चाहिए और क्या नहीं।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें