देश : शाह का तंज- विदेशी टीशर्ट पहनकर भारत जोड़ने निकले हैं राहुल...; जानिए पटोले का जवाब
@ सुनो सुनो रिपोर्ट |
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने शनिवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि ‘भारत राष्ट्र है ही नहीं’ कहने वाले आज विदेशी टीशर्ट पहनकर भारत जोड़ने निकले हैं।
शाह भाजपा की राजस्थान इकाई के बूथ पदाधिकारियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने उदयपुर में दर्जी कन्हैयालाल की हत्या और करौली हिंसा को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा। शाह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस केवल वोट बैंक और तुष्टिकरण की राजनीति कर सकती है।
जोधपुर पहुंचे शाह ने राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का जिक्र करते हुए कहा, ‘अभी राहुल बाबा, भारत जोड़ो यात्रा पर निकले हैं। विदेशी टी-शर्ट पहनकर वे भारत जोड़ने निकले हैं। मैं उन्हें और कांग्रेसियों को संसद में उनके भाषण का एक वाक्य याद दिलाता हूं। वह वाक्य है- भारत राष्ट्र है ही नहीं। राहुल बाबा, किस किताब में आपने यह पढ़ा है? यह तो वह राष्ट्र है जिसके लिए लाखों लोगों ने अपनी गर्दन कटवाई। आपको यह राष्ट्र नहीं लगता। ये राहुल बाबा भारत जोड़ने निकले हैं। मुझे लगता है कि इन्हें भारत का इतिहास पढ़ने की जरूरत है।’
वहीं, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शाह पर पलटवार करते हुए कहा, ‘राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ को मिले जनसमर्थन से भाजपा बौखला गई है।’ महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा कि भाजपा ने राहुल गांधी की टी-शर्ट को मुद्दा बनाकर अपना बौद्धिक दिवालियापन दर्शाया है। पटोले ने दावा किया कि राहुल की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ को मिली प्रतिक्रिया से भाजपा परेशान है।
पटोले ने कहा कि मोदी (प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी) के बारे में क्या कहना है, जो 10 लाख रुपए का सूट और 1.5 लाख रुपए का चश्मा पहनते हैं?’ पटोले ने कहा कि दर्जनों भाजपा नेता, प्रवक्ता और मंत्री एक तरफ तो नियमित रूप से कहते रहते हैं कि कांग्रेस खत्म हो गई है। राहुल गांधी महत्वपूर्ण नहीं रहे हैं। लेकिन अब वे चौबीसों घंटे उनकी आलोचना कर रहे हैं और उन्हें बदनाम कर रहे हैं।
***


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें