नागपुर : कल्पेश हत्याकांड के दो आरोपी 14 दिन बाद गिरफ्तार, पारशिवनी के बनपुरी में धारदार हथियार से मारा था

घटना स्थल की तस्वीर।

@ कमल यादव |

नागपुर की पारशिवनी तहसील के बनपुरी में युवक कल्पेश बावनकुले (30) की हत्या के दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। कन्हान पुलिस को सकरदरा पुलिस के सहयोग से घटना के 14 दिन बाद यह सफलता हासिल हुई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार नागपुर शहर के ताजबाग परिसर में कुछ दिन पहले शेख नौशाद नाम के व्यक्ति पर आरोपी आशीष उर्फ मोनू मनपिया (30) व अन्य दो आरोपियों ने रिवाल्वर तानी थी। तीनों आरोपियों ने नौशाद को जान से मारने की कोशिश की थी। मामले में सकरदरा पुलिस ने मोनू और अन्य दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया था। मोनू भीलगांव-नागपुर का रहने वाला है। पुलिस ने मोनू से कड़ी पूछताछ की तो उसने बोरडा रोड पर कल्पेश की हत्या का गुनाह कबूल किया।

घटना स्थल की तस्वीर।

सकरदरा पुलिस ने संबंधित सूचना कन्हान पुलिस को दी। तब कन्हान पुलिस ने कल्पेश की हत्या के दूसरे आरोपी विक्की उके (30) को शनिवार सुबह गिरफ्तार किया। वह कन्हान के जवाहरनगर में ही रहता है। उसके पास से हत्या के लिए इस्तेमाल किया गया चार पहिया वाहन भी बरामद किया गया है। इसी तरह कन्हान पुलिस ने सकरदरा पुलिस की हिरासत से मोनू को भी गिरफ्तार कर लिया। 

कन्हान पुलिस हत्या के मास्टरमाइंड और अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। पुलिस हत्या का कारण पता लगाने के लिए भी जांच कर रही है। पुलिस ने आरोपी विक्की को कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने उसे 30 सितंबर तक के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया है।

कल्पेश बावनकुले।

यह था मामला : बीती 10 सितंबर की देर रात पारशिवनी तहसील के बनपुरी गांव में बदमाशों ने धारदार हथियार से कल्पेश बावनकुले की हत्‍या कर दी थी। कल्पेश डीजे मालिक थे। वे गणेश विसर्जन कार्यक्रम में डीजे बजाने के लिए अपने साथियों के साथ नागपुर गए थे। कार्यक्रम के बाद कल्पेश साथियों डीजे ऑपरेटर सूरज ढोबले (22), हेल्पर जितेंद्र ढोबले (24) के साथ अपने गांव बनपुरी लौट रहे थे। तीनों एक्टिवा पर सवार थे। वे रात करीब 12:30 बजे बनपुरी में बोरडा रोड पर पेट्रोल पंप के आगे पहुंचे। उसी वक्त दो अज्ञात बदमाशों ने एक्टिवा के सामने अचानक अपनी गाड़ी अड़ा दी। इससे एक्टिवा पर सवार तीनों युवक गिर गए।

बताया गया है कि तीनों युवकों ने बदमाशों के पास धारदार हथियार देखा। वे जान बचाने के लिए भागने लगे। चूंकि एक्टिवा कल्‍पेश चला रहे थे। इसलिए उन्‍हें भागने में दिक्‍कत हुई। इस बीच दोनों बदमाशों ने कल्‍पेश को पकड़ लिया। उसके बाद कल्‍पेश की धारदार हथियार से हत्‍या कर दी।  हत्‍या के बाद बदमाश तुरंत भाग गए। थोड़ी देर बाद सूरज और जितेंद्र पंप कर्मचारियों को लेकर घटना स्‍थल पहुंचे। उन्‍होंने घटना की सूचना कन्हान पुलि‍स स्टेशन को दी। पुलिस ने जांच शुरू की। कन्‍हान पुलिस स्‍टेशन में दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भादंवि की धाराओं 341 , 302 और 34 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।

देखते ही देखते हत्या के खिलाफ रोष तेज हो गया। कल्पेश के परिजनों और भाजपा पदाधिकारियों के समूह ने कन्हान पुलिस को निवेदन दिया। समूह ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। वहीं, प्रहार जनशक्ति संगठन के जिलाध्यक्ष रमेश कारामोरे ने भी ग्रामीण पुलिस अधीक्षक विजय मगर से मुलाकात की थी। 

*****

टिप्पणियाँ

सबसे ज्यादा लोकप्रिय

रामटेक से महायुति के उम्मीदवार आशीष जैस्वाल जीते

नागपुर : स्कूल बस पलटी, छात्रा की मौत, कई विद्यार्थी घायल

सावनेर से महायुति के उम्मीदवार आशीष देशमुख जीते

कामठी से महायुति के उम्मीदवार चंद्रशेखर बावनकुले जीते

महाराष्ट्र : शिंदे ने कहा- मोदी जिसे मुख्यमंत्री बना दें, हमारी तरफ से कोई अड़ंगा नहीं...

जिला परिषद पर सरकार के 65.26 करोड़ बकाया : यादव