नागपुर : हेडमास्टर का अपहरण करने के आरोप में महिला सहित तीन गिरफ्तार, 30 लाख की फिरौती मांगी थी
![]() |
| प्रतीकात्मक चित्र। |
@ सुनो सुनो रिपोर्ट|
नागपुर में एक स्कूल के हेडमास्टर का अपहरण करने के आरोप में तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें से एक महिला है। पुलिस सूत्रों ने यह जानकारी दी।
सूत्रों के मुताबिक जरीपटका में महात्मा गांधी शताब्दी प्राथमिक विद्यालय के हेडमास्टर प्रदीप मोतीरामनी का शुक्रवार रात अपहरण कर लिया गया था। पुलिस ने पहले एक, उसके बाद दो अन्य आरोपियों को पकड़ा। आरोपियों की पहचान नेविल हेंड्री (34), उसकी पूर्व पत्नी रीना फ्रांसिस (39) और सूरज फाल्के (24) के तौर पर की गई है। हालांकि, एक अन्य आराेपी विक्की फरार है।
एक आरोपी के पकड़े जाने के बाद, उसके सहयोगियों ने मोतीरामनी को रिहा कर दिया था। उसके बाद मोतीरमानी ने थाने पहुंच कर पूरा घटनाक्रम बताया। एक आरोपी पहले मोतीरामनी के साथ काम करता था। उसने अन्य लोगों के साथ मिलकर फिरौती के लिए अपहरण की साजिश रची थी। मामले में आगे की जांच जारी है।
बता दें कि हेडमास्टर प्रदीप मोतीरामानी (50) शुक्रवार की रात दुपहिया वाहन से घर से निकले थे। देर रात तक जब वे घर नहीं लौटे तो उनकी बेटी ने उनके मोबाइल फोन पर संपर्क किया। फोन कॉल एक बदमाश ने उठाया। उसने मोतीरामानी की रिहाई के लिए 30 लाख रुपए की फिरौती मांगी।
शनिवार सुबह हेडमास्टर के परिवार के सदस्य जरीपटका थाने पहुंचे। थाने में मामला दर्ज किया गया है। परिजनों ने पुलिस को जानकारी दी कि फिरौती की कॉल के बाद बदमाशों का मोबाइल फोन स्विच ऑफ हो जाता है। पुलिस ने अपहरणकर्ताओं को पकड़ने के लिए कई टीम गठित की।
पुलिस को पता चला कि मानकापुर के एक अस्पताल के सामने मोतीरामानी का दोपहिया वाहन खड़ा है। पुलिस ने मोबाइल फोन की लोकेशन का भी पता लगाया। यह नागपुर शहर से करीब 40 किमी दूर मौदा क्षेत्र को दर्शा रही थी। पुलिस ने सख्ती दिखाई तो बदमाशों के होश ठिकाने आए। उन्होंने मोतीरामानी को छोड़ दिया। तब मोतीरामानी जरीपटका पुलिस स्टेशन पहुंचे। नागपुर के पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ हत्या, प्रताड़ना और हत्या की धमकी के आरोपों की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
***


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें