नागपुर : कोराडी- महादुला में कई कांग्रेस कार्यकताओं ने भाजपा में प्रवेश किया, अब बावनकुले से उम्मीद
@ प्रदीप खांबलकर |
नागपुर के कोराडी- महादुला में कई कांग्रेस कार्यकताओं ने भाजपा में प्रवेश कर लिया है। ये कार्यकर्ता कोराडी स्थित प्रदेश भाजपा अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले के जनसंपर्क कार्यालय पहुंचे थे। वहीं बावनकुले ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भाजपा में प्रवेश कराया।
दरअसल, राज्य में महाविकास आघाड़ी सरकार के गिरने के बाद कोराडी-महादुला कांग्रेस में बेचैनी बढ़ गई थी। कहा जा रहा है कि पहले काग्रेस कार्यकर्ताओं को उम्मीद थी कि तत्कालीन महाविकास आघाड़ी सरकार के ऊर्जा मंत्री नितिन राऊत कोराडी-महादुला क्षेत्र के युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराएंगे। राऊत नागपुर जिले के पालममंत्री भी थे। इसके बावजूद स्थानीय युवाओं को रोजगार नहीं मिला। इसलिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं का असंतोष बढ़ गया।
अब कांग्रेस कार्यकर्ताओं को बावनकुले से उम्मीद है क्योंकि वे प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हैं। वे पूर्व ऊर्जा मंत्री भी हैं। साथ ही कोराडी बावनकुले का गृह क्षेत्र है। बहरहाल, बावनकुले स्थानीय युवाओं की उम्मीदों पर खरा उतरेंगे या नहीं, यह समय ही बताएगा।
कोराडी-महादुला में कांग्रेस के दो गुट सक्रिय हैं। बताया जाता है कि इनमें से पहले गुट का नेतृत्व रत्नदीप रंगारी और दूसरे गुट का नेतृत्व नाना कंभाले करते हैं। इस स्थिति से कई कार्यकर्ता असंतुष्ट थे। इसलिए उन्होंने भाजपा में प्रवेश कर लिया है। मुन्ना जामदार, नरेश बेलेकर, मेघराज बेलेकर, गुड्डु बेेलेकर, लक्ष्मीकांत धनुले, कैलास पटेल, वैभव बंडे की अगुआई में कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा में प्रवेश किया है। भाजपा में प्रवेश करने वालों में कई महिला कार्यकर्ता भी हैं। इस अवसर पर कोराडी के सरपंच नरेद्र धानोले भी उपस्थित थे।
***


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें