नागपुर : पारशिवनी के साहोली घाट में बड़ी कार्रवाई, 50 लाख की पोकलेन मशीन, डेढ़ लाख की अवैध रेत जब्त
@ कमल यादव |
नागपुर की पारशिवनी तहसील के साहोली घाट में रेत चोरी के खिलाफ पुलिस एवं राजस्व विभाग ने संयुक्त कार्रवाई की है। दोनों ने रविवार को यहां से एक पोकलेन मशीन और डेढ़ लाख रुपए की अवैध रेत जब्त की। यह कार्रवाई उस वक्त हुई है, जब कन्हान नदी के साहोली घाट में रेत के उत्खनन पर प्रतिबंध है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पारशिवनी तहसील मुख्यालय से 10 किमी दूर साहोली घाट से रेत का अवैध उत्खनन किया जा रहा था। इसकी जानकारी राजस्व विभाग के पथक को मिली थी। उसके बाद पथक ने साहोली घाट पर छापा मारा। वहां पोकेलेन मशीन से रेत निकाली जा रही थी। पथक को देखकर पोकलेन ड्राइवर भाग गया। उसके बाद पथक ने पोकलेन जब्त की। इसकी कीमत 50 लाख रुपए बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस निरीक्षक राहुल सोनवणे अपने सहयोगियों के साथ साहोली घाट पहुंचे। तहसीलदार प्रशांत सांगडे भी आए। इस तरह पुलिस और राजस्व विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से यह कार्रवाई पूरी की। साहोली घाट से पोकलेन मशीन के अलावा 100 ब्रास रेत भी जब्त की गई है। इसकी कीमत डेढ़ लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भादंवि की धारा 379 के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
****
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें