विदेश : भारतवंशी सुएला ब्रेवरमैन ब्रिटेन की नई गृह मंत्री बनीं; मां तमिल, पिता की जड़ें गोवा में

सुएला ब्रेवरमैन (फाइल फोटो)

@ वर्ल्ड मीडिया रिपोर्ट |

ब्रिटेन में नई प्रधानमंत्री लिज ट्रस ने अपने मंत्रिमंडल की घोषणा कर दी है। उन्होंने भारतीय मूल की सुएला ब्रेवरमैन को गृह मंत्री बनाया है। सदन में ट्रस के बगल में सुएला ब्रेवरमैन होंगी। सुएला की मां का परिवार भारतवंशी तमिल था। यह परिवार मॉरीशस से ब्रिटेन पहुंचा था। सुएला के पिता गोवा मूल के थे। वे केन्या से ब्रिटेन आए थे। 

मंत्रिमंडल में भारतीय मूल के आलोक शर्मा भी शामिल हैं। शर्मा का जन्म भारत के आगरा में हुआ था। वे सीओपी-26 के अध्यक्ष के तौर पर जलवायु परिवर्तन के क्षेत्र में काम जारी रखेंगे।

नए मंत्रिमंडल में रक्षा मंत्री के पद पर बेन वालेस को बरकरार रखा गया है। इसके अलावा नए मंत्रिमंडल में काफी बदलाव किया गया है। लंदन में जन्मे जूनियर मंत्री रानिल जयवर्धने को पर्यावरण, खाद्य और ग्रामीण मंत्री के पद पर पदोन्नत किया गया है।

पूर्व वित्त मंत्री ऋषि सुनक का समर्थन करने वाले टोरी के कई वरिष्ठ सदस्यों को नए मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिली है। इसमें पूर्व न्याय मंत्री डॉमिनिक रैब, पूर्व परिवहन मंत्री ग्रांट शाप्स और पूर्व स्वास्थ्य मंत्री स्टीव बार्कले शामिल हैं। घाना मूल के क्वासी क्वार्टेंग ब्रिटेन के पहले अश्वेत वित्तमंत्री होंगे। जेम्स क्लेवरली विदेश मंत्री का प्रभार संभालेंगे।

लिज ट्रस ने मंत्रिमंडल के शीर्ष स्तर में अपने करीबी सहयोगियों को रखा है। जैसे थेरेसी कॉफी को उपप्रधानमंत्री और वेंडी मॉर्टन को संसदीय मंत्री बनाया है।

ट्रस ने मंगलवार को 10 डाउनिंग स्ट्रीट के बाहर अपने संबोधन में कहा था, ‘हमारे पास काबिलियत, ऊर्जा और प्रतिबद्धता का भंडार है। मुझे विश्वास है कि हम मिल कर तूफान से बाहर निकल आएंगे। अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाएंगे।’ 

इससे पहले कंजरवेटिव पार्टी की नेता लिज ट्रस ने 96 वर्षीय महारानी एलिजाबेथ द्वितीय से स्कॉटलैंड में मुलाकात की। यह मुलाकात एबर्डीनशायर में महारानी के बाल्मोरल कैसल स्थित आवास पर हुई। महारानी ने लिज ट्रस को औपचारिक रूप से ब्रिटेन की नई प्रधानमंत्री नियुक्त किया। लिज ट्रस ब्रिटेन की तीसरी महिला प्रधानमंत्री बनी हैं। उनके सामने देश में बढ़ते ऊर्जा संकट और बढ़ती कीमतों से निपटने की चुनौती है।

****

टिप्पणियाँ

सबसे ज्यादा लोकप्रिय

महाराष्ट्र : शिंदे ने कहा- मोदी जिसे मुख्यमंत्री बना दें, हमारी तरफ से कोई अड़ंगा नहीं...

आचार संहिता : ‘लाडकी बहिन’ योजना के अग्रिम भुगतान पर रोक!

महाराष्ट्र : 12 जिला परिषदों और 125 पंचायत समितियों के चुनाव 5 फरवरी को

अंतरराष्ट्रीय स्पर्धा में रामटेक के सोनू बेठेकर को यश

देश : शिक्षक दिवस पर प्रधानमंत्री की घोषणा- 14,500 'पीएम श्री स्कूल' विकसित किए जाएंगे

नवरात्र पर कविता : सरस्वती ने शील तो/ लक्ष्मी ने वैभव दे दिया/ शक्ति दुर्गा कालिका से/ क्षमा पृथ्वी से लिया