विदेश : पुतिन ने यूक्रेन के 4 इलाके रूस में शामिल करने की घोषणा की, अमेरिका ने लगाए नए प्रतिबंध
@ वर्ल्ड मीडिया रिपोर्ट |
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने शुक्रवार को यूक्रेन के 4 इलाके दोनेत्स्क, लुहांस्क, खेरसन और जपोरिजिया को रूस में शामिल करने की घोषणा की। पुतिन ने कहा, 'चारों इलाकों के लोगों ने अपना फैसला कर लिया है। जनमत संग्रह के नतीजे जगजाहिर हैं।'
यूक्रेन के इन चार इलाकों में जनमत संग्रह को पश्चिमी देशों ने अवैध करार दिया है। पुतिन ने कहा, 'मुझे पूरा भरोसा है कि फेडरल असेंबली रूस के इन चार नए इलाकों को अपना समर्थन देगी क्योंकि ये लाखों लोगों की इच्छा है।' उन्होंने कहा कि जनमत संग्रह के नतीजे उन लोगों के प्राकृतिक अधिकार को दर्शाते हैं, जिन्होंने इसमें अपना वोट दिया है। पुतिन ने इतिहास का भी जिक्र किया।
पुतिन ने दावा किया कि रूसी लोगों की कई पीढ़ियों ने इन इलाकों के लिए जंग लड़ी है। उन्होंने इस जंग में मारे गए सैनिकों की याद में एक मिनट का मौन रखने की अपील की। पुतिन ने कहा कि ये सैनिक रूस के हीरो थे। हम चाहते हैं कि कीएव और पश्चिमी देशों के लोग ये बात सुन लें कि डोनबास क्षेत्र के लोग अब हमेशा के लिए रूस के नागरिक बन जाएंगे। रूस अपनी जमीन की हर तरह से हिफाजत करेगा। हमारे लोग सुरक्षित तरीके से रह सकेंगे। रूस इन इलाकों के गांवों और शहरों का पुनर्निमाण करेगा। यहां स्वास्थ्य एवं शिक्षा के बुनियादी ढांचे का विकास करेगा।
रूस के इस फैसले के बाद अमेरिका ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। अमेरिका ने रूस पर नए प्रतिबंध लगा दिए। अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा कि यूक्रेन के संप्रभु इलाकों को रूस में मिलाने की धोखे भरी कोशिश की अमेरिका निंदा करता है। रूस अंतरराष्ट्रीय कानूनों का उल्लंघन कर रहा है। वह संयुक्त राष्ट्र के चार्टर को कुचल रहा है और शांतिपूर्ण देशों का अनादर कर रहा है।
बाइडेन ने कहा कि ऐसे कामों की कोई वैधता नहीं है। अमेरिका हमेशा यूक्रेन की अंतरराष्ट्रीय सीमाओं का सम्मान करता रहेगा। हम इन इलाकों को वापस हासिल करने की यूक्रेन की कोशिशों को अपना समर्थन देते रहेंगे। इसके लिए कूटनीतिक और सैन्य रूप से हम यूक्रेन के हाथ मजबूत करते रहेंगे। अमेरिका ने इस हफ्ते यूक्रेन को अतिरिक्त सुरक्षा मदद के लिए 1.1 अरब डॉलर की मदद का एलान किया है।
राष्ट्रपति बाइडेन ने कहा, 'यूक्रेन के इलाकों पर कब्जे के जवाब में अमेरिका नए प्रतिबंधों की घोषणा करता है। ये प्रतिबंध यूक्रेन की सीमाओं की स्थिति बदलने की अवैध कोशिशों को राजनीतिक और आर्थिक समर्थन देने वाले व्यक्तियों और संगठनों पर लागू होंगे।'
बाइडेन ने कहा कि हम इस मामले में अंतरराष्ट्रीय समुदाय को रूस के खिलाफ एकजुट करेंगे। हमें उम्मीद है कि यूक्रेन को 12 अरब डॉलर अतिरिक्त देने के प्रस्ताव को अमेरिकी संसद से मंजूरी मिल जाएगी।
****
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें