महाराष्ट्र : सांगली में बच्चा चोर होने के संदेह में 4 साधुओं पर भीड़ का हमला, 7 लोग गिरफ्तार
@ सुनो सुनो रिपोर्ट |
महाराष्ट्र के सांगली जिले में बच्चा चोर होने के संदेह में भीड़ ने 4 साधुओं पर हमला कर दिया। घटना के एक दिन बाद बुधवार को पुलिस ने मामला दर्ज किया। पुलिस ने मामले में 7 लोगों को गिरफ्तार किया है। सूत्रों ने यह जानकारी दी।
सूत्रों के मुताबिक जिले की जाट तहसील के लवंगा गांव में यह घटना हुई। जिन साधुओं के साथ मारपीट की गई, उन्होंने शिकायत दर्ज नहीं कराई थी। दरअसल, सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया है। इसमें कुछ लोग उत्तर प्रदेश के किसी अखाड़े के साधुओं को पीटते दिख रहे हैं। इसके बाद सांगली के उमाडी थाने ने स्वत: संज्ञान लेते हुए 20 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया। इनमें से 7 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
बताया गया है कि चारों साधु एक वाहन से सोलापुर जिले के पंढरपुर जा रहे थे। वे रास्ता भटक गए थे। इसलिए उन्होंने लवंगा गांव के पास एक लड़के से रास्ता पूछा। वह लड़का कन्नड़ के अलावा और कोई भाषा नहीं जानता था। वह उनका चेहरा देखकर डर गया और ‘चोर-चोर’ चिल्लाने लगा। इससे कुछ स्थानीय लोगों को संदेह हुआ कि वे बच्चों का अपहरण करने वाले आपराधिक गिरोह का हिस्सा हैं। गांव के लोग वहां जमा हो गए। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते बढ़ गई। स्थानीय लोगों ने साधुओं को लाठियों से पीट दिया।
पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पता चला कि साधु उत्तर प्रदेश के एक अखाड़े के सदस्य हैं। गलतफहमी की वजह से यह घटना हुई। साधुओं ने मामले को आगे नहीं बढ़ाया और वहां से चले गए। पुलिस ने घटना के वीडियो के आधार पर संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने बाद में उन साधुओं से संपर्क किया जो ठीक-ठाक हैं। वे अब आगे के सफर पर हैं।
****


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें