अकोला : सोशल मीडिया पोस्ट पर विवाद, हिंसक झड़प में एक व्यक्ति की मौत, आठ घायल
सुनो सुनो नेटवर्क |
अकोला | अकोला शहर में सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर दो समूहों के बीच विवाद हुआ। यह विवाद हिंसक झड़प में बदल गया, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि दो पुलिसकर्मियों समेत आठ लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने रविवार को मीडिया को यह जानकारी दी।
अधिकारियों के मुताबिक पुलिस ने संवेदनशील ‘ओल्ड सिटी’ इलाके में शनिवार को रात करीब साढ़े 11 बजे हुई झड़प के संबंध में 26 लोगों को हिरासत में लिया है। जिला मजिस्ट्रेट नीमा अरोड़ा ने कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए शहर के चार पुलिस थाना क्षेत्रों में आपराधिक दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 144 लागू करने का आदेश दिया, ताकि लोगों को गैरकानूनी तरीके से एकत्र होने से रोका जा सके।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) संदीप घुगे ने मीडिया को बताया कि किसी सोशल मीडिया मंच पर एक धार्मिक पोस्ट के वायरल होने के बाद झड़प हुई। इसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई है। आठ अन्य लोग घायल हो गए है। घायलों में दो पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। उपद्रवी पथराव कर रहे थे। पुलिस ने दो मामले दर्ज किए हैं। इस घटना के संबंध में 26 लोगों को हिरासत में लिया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) मोनिका राउत ने मीडिया को बताया कि दोनों समूहों के सदस्यों ने एक दूसरे पर पथराव किया। इस दौरान कुछ वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए। उन्होंने कहा कि पुलिस ने उपद्रवियों को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोलों का इस्तेमाल किया। हालात अब काबू में हैं। घटना के बाद शहर में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। अमरावती से राज्य रिजर्व पुलिस के एक हजार कर्मियों को अकोला शहर में तैनात किया गया है। नागरिकों से अपील है कि वे घबराए नहीं। किसी भी अफवाह पर विश्वास न करें।
प्रशासन के अधिकारियों ने मीडिया से कहा कि राज्य के उपमुख्यमंत्री और अकोला जिले के संरक्षक मंत्री देवेंद्र फडणवीस स्थिति पर नजर रख रहे हैं। फडणवीस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की।
****
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें